कोहली का एग्रेसिव जश्न एक मैसेज: अश्विन बोले- वो पुराना विराट ही है, उसने सबको बता दिया
Published:
2 min read

साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो सेंचुरी के बाद विराट कोहली के जोशीले जश्न ने सबका ध्यान खींचा।
स्पोर्ट्स डेस्क. साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो सेंचुरी के बाद विराट कोहली के जोशीले जश्न ने सबका ध्यान खींचा। हर कोई यही सोच रहा है, आखिर इस तरह की एग्रेसिव सेलिब्रेशन के पीछे क्या वजह है। रविचंद्रन अश्विन ने भी इस पर अपनी राय दी।
सेलिब्रेशन में एक दहाड़
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली कमाल का खेल दिखा रहे हैं। पहले दो मैचों में उन्होंने लगातार शतक लगाए। दोनों बार शतक पूरा करते ही जोरदार दहाड़ लगाई, हवा में मुक्का लहराया और पूरे जोश में जश्न मनाया। ये सिर्फ साधारण सेलिब्रेशन नहीं लग रहा था। इसमें शायद एक मैसेज भी छिपा हुआ था।

फॉर्म और नाम पर शक मत करना
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- कोहली के शतक के बाद वाले जश्न सिर्फ खुशी नहीं, बल्कि एक तरह से मैसेज भी हैं। वो शायद ये कहना चाहते हैं कि तुमने मुझ पर शक किया था? देख लो, मैं अभी भी वही विराट हूं, मेरे अंदर अब भी वही फायर पॉवर है।
अश्विन ने आगे कहा- कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी खेलने के लिए भी हामी भर दी है। टीम मैनेजमेंट और कोहली के बीच अच्छी बातचीत चल रही है। कोहली शायद ये सोचकर मैदान में उतर रहे हैं कि क्या लोग मेरी काबिलियत पर शक कर रहे हैं? मैं सबको दिखाऊंगा कि मैं क्या कर सकता हूं।

टाइमिंग जबरदस्त
अश्विन आगे कहते हैं- कोहली के शतक में सिर्फ रन नहीं हैं। 2 सेंचुरी में उनकी मेहनत, फिटनेस और जुनून साफ दिख रहा है। उनकी टेक्निक भी पहले से ज्यादा स्थिर नजर आ रही है। बॉडी बैलेंसिंग, खासकर उनका सेंटर ऑफ ग्रेविटी, पहले से बेहतर है। इससे उन्हें गेंद को पढ़ने और टाइम करने में मदद मिल रही है। कोहली के जश्न सिर्फ खुशी नहीं हैं। बल्कि एक बयान हैं कि वो अभी खत्म नहीं हुए, बल्कि पहले से ज्यादा मजबूत होकर लौटे हैं।
2025 के 12 ODI में 586 रन
इस साल विराट ने 12 वनडे में 586 रन बनाए हैं। एवरेज लगभग 59 और स्ट्राइक रेट 93 के करीब है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही सीरीज के दो मैच में वह 237 रन बना चुके हैं।

