7000वीं इंटरनेशनल सेंचुरी कोहली के बल्ले से आई: सचिन का रिकॉर्ड भी तोड़ा, एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाए
Published:
2 min read

विराट कोहली ने सेंचुरी 102 बॉल में पूरी की थी। यह वनडे में उनकी सबसे ज्यादा 52वीं सेंचुरी है।
स्पोर्ट्स डेस्क. विराट कोहली ने रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में धूम मचा दी। यह धोनी का होम ग्राउंड है। रविवार (30 नवंबर) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का पहला वनडे हुआ, जिसमें भारतीय टीम ने 17 रन से जीत दर्ज की। मुकाबले में कोहली ने 120 बॉल पर 135 रनों की पारी खेली। इस पारी के साथ ही कोहली ने सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड और तोड़ दिया है।
कोहली अब इंटरनेशनल क्रिकेट के किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 52 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। जबकि सचिन ने टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक लगाए। टी20 इंटरनेशनल में संयुक्त रूप से रोहित शर्मा और ग्लेन मैक्सवेल ने 5-5 सेंचुरी लगाई हैं।
कोहली ने लगाई 7000वीं इंटरनेशनल सेंचुरी
कोहली अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा 6 वनडे शतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 5-5 शतक लगाए थे।
कोहली ने जो शतक लगाया है, वो मेन्स इंटरनेशनल क्रिकेट (तीनों फॉर्मेट) का 7000वीं सेंचुरी है। इसलिए यह और भी खास हो गई है।
किसी एक भारतीय वेन्यू पर सबसे ज्यादा का शतक
3 सेंचुरी, 5 पारी में - विराट कोहली, रांची
3 सेंचुरी, 7 पारी में - सचिन तेंदुलकर, वडोदरा
3 सेंचुरी, 7 पारी में - विराट कोहली, विशाखापत्तनम
3 सेंचुरी, 8 पारी में - विराट कोहली, पुणे
कोहली का 52वां वनडे शतक
विराट कोहली ने सेंचुरी 102 बॉल में पूरी की थी। यह वनडे में उनकी सबसे ज्यादा 52वीं सेंचुरी है। जबकि इंटरनेशनल क्रिकेट में कोहली की 83वीं सेंचुरी है। कोहली ने अपनी पारी में 7 छक्के और 11 चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 112.50 का रहा।
यह वनडे सेंचुरी कोहली के बल्ले से 9 महीने बाद आई। इससे पहले उन्होंने चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाया था। 23 फरवरी को हुए इस मैच में कोहली ने नाबाद 100 रन बनाए थे।
रांची वनडे में दोनों प्लेइंग-11
भारतीय टीम: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह।
साउथ अफ्रीका: रेयान रिकेल्टन, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, टोनी डी जॉर्जी, डेवॉल्ड ब्रेविस, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बोश, प्रेनेलन सुब्रायन, नंद्रे बर्गर और ओटनील बार्टमैन।

