विराट कोहली क्रिकेट के एंग्री यंग मैन: पूर्व हेड कोच संजय बांगड़ बोले- कोहली की फाइटिंग स्पिरिट दिखावा नहीं, बल्कि असली नेचर
Published:
3 min read

विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से मैदान में वापसी कर सकते हैं। उन्होंने आखिरी वनडे इसी साल चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टीम इंडिया हेड कोच संजय बांगड़ ने विराट कोहली की तुलना अमिताभ बच्चन से की है। बांगड़ के मुताबिक- 70 के दशक में जिस तरह अमिताभ को एंग्री यंग मैन कहा जाता था, विराट भी उसी तरह की शख्सियत हैं।
बांगड़ कहते हैं कि कोहली का जोश और एग्रेशन सिर्फ दिखावा नहीं, बल्कि उनकी असली शख्सियत का हिस्सा है।
एग्रेशन काबिल-ए तारीफ
बांगड़ एक इंटरव्यू में कोहली के कैरेक्टर पर तफ्सील से जानकारी दी। कहा- मैदान पर उनका जोश और जुनून मैच जीतने के काम आता है। उनका एग्रेशन काबिल-ए तारीफ है। कोहली सामने वाली टीम के प्लेयर की आंखों में आंख डालकर बात करते हैं। वो दिखावा नहीं करते, बल्कि उनका असली नेचर ही ऐसा है।
अमिताभ की तरह हैं कोहली
बांगड़ ने आगे कहा- जिस तरह 1970 और 1980 के दशक में अमिताभ बच्चन की 'एंग्री यंग मैन' वाली फिल्में लोगों को खूब पसंद आती थीं। कोहली का मैदान पर एग्रेशन वाला अंदाज भी लोगों को खूब पसंद आता है। उस दौर में गुस्सा रहता था, वह अमिताभ की फिल्मों में दिखता था। अब यह कोहली के खेल में नजर आता है।
यह एग्रेशन वक्त की जरूरत
बांगड़ ने आगे कहा- जब सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण जैसे खिलाड़ी रिटायर हुए, तब टीम इंडिया को एक नए एग्रेशन और फाइटिंग स्पिरिट की जरुरत थी।
कोहली के आने से टीम इंडिया का चेहरा बदल गया। कोहली ने खासकर टेस्ट क्रिकेट का माहौल बदल कर रख दिया।
मैदान के बाहर नरम दिल शख्स
बांगड़ कहते हैं- कोहली मैदान पर चाहे जितने भी एग्रेसिव हों, हकीकत में वो अच्छे दिल के इनसान है। हाल ही में बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB के जीत के जश्न में भगदड़ मच गई थी। इसमें 11 लोगों की जान चली गई थी और 50 से ज्यादा घायल हुए। कोहली ने 3 महीने बाद X पोस्ट में दर्द बयां किया था। उन्होंने मारे गए लोगों के परिवार को हौसला दिया। कोहली ने कहा था- मैं 4 जून 2025 का दिन कभी नहीं भूल सकता।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वापसी मुमकिन
कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से मैदान में वापसी कर सकते हैं। उन्होंने आखिरी मैच ODI 2025 की चैम्पियंस ट्रॉफी में खेला था। पाकिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 84 रन बनाए थे।
इंडिया Vs ऑस्ट्रेलिया सीरीज 2025
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अक्टूबर में 5 टी20 और 3 ODI सीरीज खेली जाने वाली है। इस सीरीज का पहला वनडे 19 अक्टूबर से खेला जाएगा। दूसरा मैच 23 और तीसरा 25 अक्टूबर को होगा। वहीं, टी20 सीरीज 29 अक्टूबर से होगी।

