नाकाम वही होते हैं, जो हार मान लेते हैं: ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद कोहली का ट्वीट; सिर्फ ODI फॉर्मेट खेलेंगे विराट
Published: Updated:
3 min read

विराट कोहली ने अब तक 302 वनडे मैचों में 14181 रन बनाए हैं। इसमें कोहली के नाम 51 वनडे शतक भी हैं। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने के बाद अब विराट कोहली का अपना पूरा फोकस 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर है। इसके लिए कोहली ने अभी से हुंकार भर दी है। कुछ लोगों का कहना है कि अगले वर्ल्ड कप में अभी ढाई साल दूर है। ऐसे में कोहली का उसमें खेलना मुश्किल है। इस पर कोहली ने एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर जवाब दिया है।
कोहली ने वन-लाइनर पोस्ट में साफ संकेत दिए हैं कि उन्होंने अभी हार नहीं मानी है। वे अगला वर्ल्ड कप खेल सकते हैं। हालांकि कुछ ही घंटे बाद कोहली ने इस पोस्ट पर एक एड का वीडियो रीट्वीट किया। इससे कोहली ने बताया कि यह पोस्ट किसी एड से जुड़ी थी। कोहली की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही कोहली ने पोस्ट शेयर की
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंच गई है। विराट कोहली और रोहित शर्मा भी इस टीम का हिस्सा हैं। पर्थ पहुंचते ही कोहली ने यह पोस्ट शेयर की। इसमें लिखा- सही मायने में आप तभी फेल होते हैं, जब आप गिव-अप (हार मानने) का फैसला कर लेते हैं।
इस पोस्ट के बाद माना गया था कि कोहली ने गिव-अप नहीं करने का संकेत दिया है। बता दें कि अगला वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्बे की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट अक्टूबर-नवंबर 2027 में होगा।
कोहली का वनडे करियर
कोहली ने 2008 में टेस्ट मैच से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 302 वनडे मैचों में 14181 रन बनाए हैं। इसमें कोहली के नाम 51 वनडे शतक भी हैं। वे ODI फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले प्लेयर भी हैं। 49 शतक के साथ सचिन तेंदुलकर दूसरे नंबर पर हैं।
भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा ऐसा रहेगा
भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 वनडे और फिर 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। पहला वनडे मुकाबला 19 अक्टूबर को पर्थ के मैदान में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 23 अक्टूबर को एडिलेड और आखिरी वनडे सिडनी में खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए भारतीय वनडे स्क्वॉड
शुभमन गिल(कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा,मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और यशस्वी जायसवाल।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर।
ऑस्ट्रेलिया दौरे का फुल शेड्यूल
वनडे सीरीज
19 अक्टूबर: पहला वनडे, पर्थ
23 अक्टूबर: दूसरा वनडे, एडिलेड
25 अक्टूबर: तीसरा वनडे, सिडनी
टी20 सीरीज
पहला टी20: 29 अक्टूबर, कैनबरा
दूसरा मैच: 31 अक्टूबर, मेलबर्न
तीसरा मैच: 2 नवंबर, होबार्ट
चौथा मैच: 6 नवंबर, गोल्ड कोस्ट
पांचवां मैच: 8 नवंबर, ब्रिस्बेन

