विनेश फोगाट एशियन गेम्स नहीं खेल पाएंगी: ट्रायल्स के सेमी में मीनाक्षी ने 6-4 से हराया, बोलीं- पूरा सिस्टम हमारे खिलाफ, फेयर चांस नहीं मिला
Published: Updated:
3 min read

विनेश ने साल 2024 में कुश्ती से संन्यास ले लिया था। 2025 में उन्होंने यू-टर्न लिया और कहा कि वह 2028 का ओलंपिक भी खेलना चाहती हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट का एशियन गेम्स 2026 में खेलने का सपना टूट गया है। वे ट्रायल्स के दौरान 53 किलोग्राम कैटेगरी में में सेमीफाइनल तक पहुंची थीं, लेकिन इस सेमी में उन्हें हार झेलनी पड़ी। इसके साथ ही वह अपकमिंग एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं। 31 साल की विनेश को सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत ने 6-4 से हराया।
हार के बाद विनेश ने कहा कि पूरा सिस्टम एक तरफ और वे एक तरफ हैं। वे पूरे सिस्टम से लड़ी हैं। एक बार फिर कोर्ट में वापसी करेंगी। हार के बाद विनेश का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वे जाने से पहले एक बार फिर कोर्ट में लौटकर आती हैं और कहती हैं- मैं वापस आउंगी।
रिव्यू सिस्टम पर सवाल
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए क्वार्टर फाइनल में विनेश का सामना हरियाणा की निशु से था। मुकाबले के दौरान विनेश 0-5 से पीछे चल रही थीं। इसी बीच उन्होंने पिनफॉल की कोशिश की। रेफरी ने मुकाबला रोकते हुए उन्हें 4 पॉइट दे दिए।
इस फैसले से विनेश का कैंप नाराज हो गया। उनके पति सोमवीर राठी भी विरोध जताने के लिए मैट के पास पहुंच गए। काफी बहस के बाद विनेश ने फैसला चैलेंज किया। रिव्यू उनके पक्ष में गया।

कुछ देर बाद एक और फैसले को लेकर विवाद हुआ। विनेश के कैंप का मानना था कि उन्हें 4 अंक मिलने चाहिए थे। रेफरी ने सिर्फ 2 पॉइंट दिए। इस बार चैलेंज सफल नहीं हुआ।
विवाद तब और बढ़ गया जब रिव्यू के दौरान इस्तेमाल होने वाली स्क्रीन ने काम करना बंद कर दिया। विनेश और उनके कोच वीडियो फुटेज देखने की मांग करते रहे। उन्हें फुटेज नहीं दिखाई गई। मामला इतना बढ़ गया कि WFI अध्यक्ष संजय सिंह और विनेश के सपोर्ट स्टाफ के बीच भी बहस हो गई।
फेयर चांस नहीं मिला: विनेश
विनेश ने कहा- हमारी तो हर दिन एक जंग है। पहले मैट के बाहर और फिर मैट के अंदर है। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के फैसले के चलते मैं आज यहां हूं। हर दिन यहां परेशान कर रहे हैं। रात को 11 बजे भी नोटिस निकाल रहे हैं, ताकी आप दिमागी तौर पर परेशान हो और सुबह खेल ही ना सको। मुझे हार जीत से कोई दिक्कत नहीं, बस एक फेयर चांस मिलना चाहिए था। फेयर तो नहीं मिला, लेकिन चांस मिला।

