विजय शंकर ने लास्ट ओवर मेडन खेला: जीत के लिए 22 रन चाहिए थे; भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेकर LPL खेल रहे विजय
Published: Updated:
3 min read

जाफना किंग्स के खिलाफ मैच में विजय शंकर ने 21 बॉल पर 25 रन बनाए। इस पारी में सिर्फ 3 चौके लगाए। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास लेकर ऑलराउंडर विजय शंकर (Vijay Shankar) इस समय लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) खेल रहे हैं। कैंडी रॉयल्स के लिए खेल रहे विजय शंकर के लिए गुरुवार (30 जुलाई) का दिन बेहद खराब रहा। उन्हें आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रन बनाने थे, लेकिन एक भी रन नहीं बना सके। मेडन ओवर खेलकर लास्ट बॉल पर आउट भी हुए। इस तरह उनकी टीम को 21 रन से हार झेलनी पड़ी।
दरअसल, गुरुवार को जाफना किंग्स और कैंडी रॉयल्स (Jaffna Kings vs Kandy Royals) के बीच मैच खेला गया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए जाफना टीम ने 6 विकेट पर 221 रन बनाए थे। कामिल मिश्रा ने 49 और चामिंडु विक्रमसिंघे ने 43 रन बनाए। मोईन अली और वानिंदु हसारंगा ने 2-2 विकेट लिए।
लास्ट ओवर में 22 रन नहीं बने
222 रन के टारगेट के जवाब में कैंडी टीम ने 19 ओवर में 9 विकेट पर 200 रन बना दिए थे। अब जीत के लिए 22 रन चाहिए थे और क्रीज पर विजय शंकर के साथ असिथा फर्नांडो थे। विजय स्ट्राइक पर थे और यह लास्ट ओवर पेसर दिलशान मधुशंका (Dilshan Madushanka) ने किया।

इस लास्ट ओवर की शुरुआती 5 बॉल पर विजय शंकर कोई रन नहीं बना सके। जाहिर है इस तरह टीम ने पहले ही मैच गंवा दिया। आखिरी बॉल पर विजय ने हवाई शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन वे कैच आउट हो गए। इस तरह मधुशंका ने लास्ट ओवर मेडन करते हुए टीम को 21 रन से जीत दिलाई।
विजय ने अब तक 8 मैच में 146 रन बनाए
35 साल के विजय शंकर ने 21 बॉल पर 25 रन बनाए। इस पारी में सिर्फ 3 चौके लगाए। स्ट्राइक रेट 119.04 का रहा। विजय इस मैच में बतौर इम्पैक्ट प्लेयर उतरे थे। उन्हें 8वें नंबर पर बैटिंग के लिए भेजा गया था।
विजय शंकर का लंका लीग में यह पहला ही सीजन है। उन्होंने अब तक 8 मैच खेले, जिसमें 146 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर नॉटआउट 41 रन रहा है। विजय ने 8 मैच में सिर्फ 6 सिक्स और 13 चौके लगाए।
मीडियम पेसर विजय को 3 मैच में बॉलिंग का मौका मिला। उन्होंने 2.3 ओवर किए, जिसमें 20 रन देकर 1 विकेट लिया। उनका इकोनॉमी रेट 8 का रहा।
9 साल लगातार IPL खेले
विजय ने 2014 में पहली बार IPL खेला था। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से इस सीजन में सिर्फ डेब्यू मैच खेला था। इसके बाद उन्हें दूसरा IPL खेलने का मौका 2017 सीजन में हैदराबाद टीम की ओर से मिला। इसके बाद से विजय ने लगातार 9 साल IPL खेला।
उन्होंने अपने IPL करियर में चेन्नई और हैदराबाद के अलावा दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के लिए भी क्रिकेट खेली। आखिरी सीजन 2025 रहा, जो चेन्नई के लिए खेला था। विजय ने 78 IPL मैच खेले, जिसमें 1233 रन बनाए और 9 विकेट लिए।
कैंडी रॉयल्स स्क्वॉड
एंजेलो मैथ्यूज (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, मुदिथा लक्षण, पवन संदेश, कुसल परेरा, लाहिरू उदारा, मोईन अली, वानिंदु हसरंगा, एंजेलो मैथ्यूज, विजय शंकर, दुशान हेमंथा, विशेन हलंबेज, ब्रैंडन मैकमुलेन, डेल फिलिप्स, जहीर खान, शाहीन शाह अफरीदी, नुवान तुषारा, असिथा फर्नांडो, गारुका संकेथ, इसिथा विजेसुंदरा और सहान मिहिरा।

