विजय हजारे ट्रॉफी: रोहित 0 रन पर आउट, सर्दी में आए फैंस का दिल टूटा, लोग निराशा में स्टेडियम से चले गए; VIDEO वायरल
Published:
2 min read

रोहित शर्मा उत्तराखंड के खिलाफ बिना खाता खोले आउट हो गए।
स्पोर्ट्स डेस्क. विजय हजारे ट्रॉफी में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में उस वक्त सन्नाटा छा गया जब रोहित शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए। सुबह-सुबह कड़ाके की ठंड में उन्हें देखने आए हजारों फैंस का दिल टूट गया और कई लोग निराश होकर स्टेडियम छोड़कर चले गए।
रोहित पर थीं निगाहें
26 दिसंबर को विजय हजारे ट्रॉफी के एक मुकाबले में मुंबई और उत्तराखंड की टीमें आमने-सामने थीं। सबकी निगाहें रोहित शर्मा पर टिकी थीं। वजह साफ थी। कुछ दिन पहले ही रोहित ने जयपुर में ही सिक्किम के खिलाफ जबरदस्त 155 रन की पारी खेलकर फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया था।

लेकिन इस बार कहानी बिल्कुल उल्टी रही। रोहित जैसे ही बैटिंग करने आए, उत्तराखंड के पेसर गेंदबाज देवेंद्र सिंह बोरा ने पहली ही गेंद पर उन्हें आउट कर दिया। रोहित ने पसंदीदा पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधा डीप स्क्वायर लेग पर खड़े फील्डर के हाथों में चली गई।
फैंस स्टेडियम बाहर जाने लगे
इस एक पल ने स्टेडियम का माहौल बदल दिया। सुबह 6 बजे से ठंड में लाइन लगाकर आए फैंस जो सिर्फ रोहित को खेलते देखने आए थे, निराश हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित के आउट होते ही बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम से बाहर निकलने लगे। कुछ फैंस तो अंपायर से नो-बॉल देने की अपील करते भी दिखे, ताकि रोहित को एक और मौका मिल सके।

पहले मैच में सेंचुरी
यह रोहित का इस सीजन में सिर्फ दूसरा विजय हजारे मैच था। आठ साल बाद वह इस टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। इससे पहले बुधवार को उन्होंने सिक्किम के खिलाफ 94 गेंदों में 155 रन बनाए थे। इसमें 18 चौके और 9 छक्के शामिल थे। उस मैच में फ्री एंट्री की वजह से करीब 10 हजार से ज्यादा दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे।

