विजय हजारे ट्रॉफी 2025 जयपुर में दिखा रोहित का क्रेज: 10 हजार से ज्यादा फैंस स्टेडियम पहुंचे, VIDEO वायरल
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट में रोहित शर्मा का फैम किसी से छिपा नहीं है। जब वह मैदान पर उतरते हैं, तो माहौल खुद-ब-खुद खास हो जाता है। ऐसा ही नजारा जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में देखने को मिला, जहां विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में रोहित को खेलते देखने के लिए 10 हजार से ज्यादा फैंस पहुंचे।
7 साल बाद विजय हजारे में वापसी
विजय हजारे ट्रॉफी 2025 के एक मुकाबले में जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम पूरी तरह नीले रंग में रंगा नजर आया। मौका था मुंबई बनाम सिक्किम मैच का, लेकिन असली वजह थे रोहित। वह करीब 7 साल बाद भारत की सबसे बड़ी घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी कर रहे थे। आखिरी बार 2018 में नजर आए थे।

पूरे स्टेडियम में रोहित-रोहित नारे गूंजे
मुंबई बनाम सिक्किम का मैच जयपुर में खेला जा रहा है। स्टेडियम में हर तरफ “मुंबई चा राजा” और “रोहित-रोहित” के नारे गूंज रहे थे। राजस्थान के इस शहर में हजारों क्रिकेट फैंस सिर्फ हिटमैन को देखने पहुंचे थे। स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से एंट्री फ्री रखी गई थी, जिसके चलते मैच शुरू होने से कई घंटे पहले ही स्टेडियम के बाहर लंबी लाइनें लग गई थीं।
यहां तक कि मुंबई टीम की बस आने से पहले ही हजारों दर्शक स्टेडियम के अंदर अपनी सीटों पर बैठ चुके थे। लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ी को करीब से देखने के लिए बेहद उत्साहित थे। जैसे ही रोहित वॉर्म-अप के लिए मैदान पर आए, पूरा स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा।
रोहित ने सभी फैन्स का सम्मान किया
रोहित के साथ मुंबई टीम में सरफराज खान और उनके छोटे भाई मुशीर खान भी शामिल थे। हिटमैन को दोनों भाइयों के साथ तस्वीरें खिंचवाते देखा गया, जिसे देखकर फैंस और खुश हो गए। इस मैच की खास बात यह भी थी कि मुंबई और सिक्किम के इस मुकाबले का कोई लाइव टीवी या ऑनलाइन टेलीकास्ट नहीं था। इसी वजह से जयपुर के क्रिकेट प्रेमी इस मौके को किसी भी हाल में छोड़ना नहीं चाहते थे। मैच के दौरान रोहित फील्डिंग करते समय बाउंड्री के पास खड़े हुए और उन्होंने फैंस की तरफ हाथ हिलाकर उनका अभिवादन भी किया। वह शुरुआत में स्लिप में फील्डिंग कर रहे थे। स्टेडियम का माहौल किसी इंटरनेशनल मैच जैसा लग रहा था।

यह दिन भारतीय घरेलू क्रिकेट के लिए भी खास था, क्योंकि रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही कई सालों बाद विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे थे।
जहां रोहित मुंबई के लिए जयपुर में खेल रहे थे, वहीं विराट कोहली दिल्ली की ओर से बेंगलुरु में आंध्र प्रदेश के खिलाफ मैच खेल रहे थे। हालांकि कोहली का मैच बंद स्टेडियम में हुआ।
2 घरेलू वनडे मैच खेलना जरूरी है
BCCi के आदेश के मुताबिक सभी कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ियों को कम से कम 2 घरेलू वनडे मैच खेलना जरूरी है। इसी वजह से रोहित और विराट दोनों इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। टेस्ट और T20I से संन्यास ले चुके रोहित और विराट अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। ऐसे में घरेलू क्रिकेट उनके लिए फिटनेस और फॉर्म बनाए रखने का अच्छा मौका है।

