विजय देवरकोंडा को तेलंगाना क्रिकेट एसोसिएशन का नोटिस: सिराज और तिलक वर्मा का नाम भी शामिल; TG20 लीग विवाद को समझिए..
Published:
2 min read

विजय देवरकोंडा HCA की TG20 लीग के प्रमोशन में लगे हुए हैं। इसलिए विवाद में उनका नाम भी सामने आया।
एंटरटेनमेंट डेस्क. साउथ एक्टर विजय देवरकोंडा को तेलंगाना क्रिकेट एसोसिएशन (TCA) ने लीगल नोटिस भेजा है। यह मामला हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) की TG20 लीग से जुड़ा बताया जा रहा है। इस नोटिस में विजय के साथ क्रिकेटर मोहम्मद सिराज और तिलक वर्मा का नाम भी शामिल है।
दरअसल, TCA का आरोप है कि HCA की इस TG20 लीग को अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मंजूरी नहीं मिली है। इसके बावजूद लीग का प्रचार किया जा रहा। इस प्रचार में कई बड़े नाम शामिल हैं। विजय देवरकोंडा, मोहम्मद सिराज और तिलक वर्मा जैसे सेलिब्रिटीज इस लीग से जुड़े हैं। इस वजह से यह मामला सुर्खियों में आ गया।

TCA ने लेटर क्यों भेजा
TCA का कहना है कि बिना आधिकारिक मंजूरी के किसी टूर्नामेंट को ऑर्गेनाइज करना क्रिकेट नियमों का उल्लंघन करना हो सकता है। इसी वजह से लीग को प्रमोट करने वाले सेलिब्रिटीज और स्पॉन्सर्स से भी जवाब मांगा गया।
TCA के सेक्रेटरी जनरल धर्म गुरुवा रेड्डी के मुताबिक, किसी भी स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन को प्रोफेशनल टी-20 टूर्नामेंट शुरू करने से पहले दो जरूरी शर्तें पूरी करनी होती हैं। पहली शर्त यह है कि क्रिकेट एसोसिएशन की गवर्निंग काउंसिल का चुनाव एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) के माध्यम से कराया जाए। दूसरी शर्त, टूर्नामेंट शुरू होने से कम से कम 45 दिन पहले BCCI से लिखित मंजूरी लेना जरूरी है।

TCA ने कहा- HCA ने शर्तों को पूरा नहीं किया
TCA का दावा है कि HCA ने अब तक BCCI की मंजूरी का कोई एविडेंस नहीं दिया है। ऐसे में TG20 लीग को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर बिना अनुमति टूर्नामेंट आयोजित किया जाता है, तो इससे राज्य के युवा क्रिकेटरों के कॅरियर पर भी असर पड़ सकता है।

