वैभव को टीम इंडिया में शामिल करो: राजस्थान रॉयल्स के डायरेक्टर बोले- सचिन को भी तो 16 साल की उम्र में मौका मिल गया था
Published:
2 min read

वैभव ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ यूथ टेस्ट मैच 86 बॉल में 113 रन बनाए थे। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के डायरेक्टर जुबिन भरूचा चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर से अपील की है कि वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में सिलेक्ट किया जाना चाहिए। भरूचा का कहना है कि बिहार का 14 साल का यह बैटर कुछ स्पेशल टैलेंट है और उसे अब सीनियर टीम का हिस्सा बना लिया जाना चाहिए। जुबीन ने तो यहां तक कह दिया कि जैसे सचिन तेंदुलकर को कम उम्र में मौका दिया गया था, वैसे ही अब वैभव को चांस देने में भी देर नहीं करनी चाहिए।
सचिन जैसी काबिलियत
भरूचा ने एक इंटरव्यू में कहा- वैभव में वही काबिलियत है जो 1989 में 16 साल की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू करने वाले सचिन तेंदुलकर में थी। इसको इंडिया A टीम में भेजना चाहिए। अगर वो ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ जारी सीरीज में होता तो शायद डबल सेंचुरी लगा देता।

जोफ्रा के सामने भी बेखौफ
भरूचा ने एक किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने कहा- जब IPL में जोफ्रा आर्चर नेट्स में बॉलिंग कर रहे थे तो उनकी पेस के सामने कई प्लेयर थोड़ा परेशान थे। एक बार तो उन्होंने स्टीव स्मिथ का हेलमेट तक निकाल दिया था। जब वैभव बैटिंग करने आए तो वो बिल्कुल बेखौफ थे। उन्होंने बैकफुट से ऐसा पुल किया कि बॉल स्टेडियम से बाहर चली गई। खुद जोफ्रा और कोचिंग स्टाफ इसे देखकर दंग रह गए।

अगरकर अब वैभव को चांस दें
फिलहाल सूर्यवंशी इंडिया U19 टीम का हिस्सा हैं और इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के दौरे कर चुके हैं। हालांकि उन्हें अभी इंडिया A या सीनियर टीम में मौका नहीं मिला है। भरूचा ने कहा- अगर चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने वैभव को चांस नहीं दिया तो हम शायद एक बेमिसाल टैलेंट खो देंगे।
वैभव की बैटिंग का वैभव
सूर्यवंशी ने इतनी कम उम्र में वो कर दिखाया है जो बड़े-बड़े दिग्गज नहीं कर पाए। IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए उन्होंने सिर्फ 35 बाॅल में सेंचुरी लगाई थी। वैभव ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ यूथ टेस्ट मैच 86 बॉल में 113 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ यूथ की वनडे सीरीज में भी सबसे तेज शतक लगाया था।

