तू बहुत छोटा है, रन नहीं बना पाएगा: तिलक वर्मा ने वैभव को स्लेज किया, सूर्यवंशी बोले- अगले ओवर में मारूंगा
Published: Updated:
2 min read

ईस्ट जोन के ओपनर वैभव सूर्यवंशी की अटैकिंग बैटिंग से परेशान साउथ जोन टीम के कप्तान तिलक वर्मा ने स्लेजिंग करने की कोशिश की। (फोटो - स्क्रीनग्रैब)
स्पोर्ट्स डेस्क. दलीप ट्रॉफी फाइनल में रविवार (6 सितंबर) को ईस्ट जोन टीम के ओपनर वैभव सूर्यवंशी का अटैकिंग अंदाज देखने को मिला। उनकी बैटिंग ने साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा को परेशान कर दिया। वैभव के साथ अभिमन्यु ईश्वरन ने ओपनिंग की और टीम को तेज शुरुआत दी।
वैभव की अटैकिंग बैटिंग से परेशान तिलक ने शुरुआती 10 ओवर में स्लेजिंग करने की कोशिश की। हालांकि, इसका वैभव की बैटिंग पर कोई असर नहीं पड़ा। वैभव ने इस पारी में 44 रन बनाए। उन्होंने 7वें ओवर में मोहम्मद सिराज की गेंद पर 2 चौके और 1 सिक्स लगाया था।
ये भी पढ़े: क्रिकेटर्स को स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं मिलेगा: IOA बोला- BCCI चाहे तो अलग होटल ले, लेकिन खर्च और अरेंजमेंट खुद संभाले
तिलक ने वैभव को क्या कहा?
वैभव ने कुछ ओवर पहले ही मोहम्मद सिराज के खिलाफ बड़े शॉट लगाए थे। साउथ जोन के बॉलर्स लगातार प्रेशर बनाने में नाकाम रहे तो तिलक खुद वैभव के पास पहुंचे। तिलक ने मजाकिया अंदाज में वैभव से कहा- क्या रे, वाइस कैप्टन? तू फिलहाल बहुत छोटा है। तू मैच में रन नहीं बना पाएगा। सामने वाली टीम का कप्तान मैं हूं।
इस पर वैभव ने भी कॉन्फिडेंस के साथ जवाब दिया- जिस बॉलर को लाना है, ले आओ। अगले ही ओवर में मारूंगा।
यह वीडियो देखें
15 ओवर में 100 रन
वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने साउथ जोन के बॉलर्स पर ऐसा प्रेशर बनाया कि तिलक को 8वें ओवर से ही 5 बाउंड्री राइडर्स लगाने पड़े। रेड-बॉल क्रिकेट में इतनी जल्दी इस तरह की डिफेंसिव फील्डिंग कम ही देखने को मिलती है। ईश्वरन ने सिर्फ 46 बॉल में फिफ्टी पूरी कर ली। वहीं वैभव भी लय में नजर आ रहे थे। दोनों ने मिलकर पहले 15 ओवर में ही 100 रन की पार्टनरशिप कर दी।
मिलिंद ने वैभव को आउट किया
वैभव फिफ्टी की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन 16वें ओवर में सीवी मिलिंद की शॉर्ट बॉल पर अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद ईश्वरन भी रनआउट होकर लौट गए। पहले सेशन के खत्म होने तक ईस्ट जोन का स्कोर 133 रन पर 2 विकेट था।

