कोहली ने बड़े भाई की तरह समझाया: वैभव बोले- लोग सोचते हैं टेस्ट नहीं खेल सकता, लेकिन मैंने काफी रेड बॉल क्रिकेट खेली है
Published: Updated:
3 min read

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट में सेंचुरी लगाई थी। (फोटो- एजेंसी)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम में सिलेक्ट होने वाले यंगेस्ट प्लेयर वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। यह वीडियो वैभव की IPL फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स (RR) ने शेयर किया है। इस वीडियो में वैभव ने बताया है कि IPL फाइनल के बाद विराट कोहली ने उन्हें बड़े भाई की तरह क्रिकेट और फ्यूचर को लेकर काफी कुछ समझाया है।
साथ ही वैभव ने कहा कि लोग सोचते हैं कि वे सिर्फ टी20 फॉर्मेट ही खेल सकते हैं, टेस्ट नहीं। हालांकि मैंने काफी रेड बॉल क्रिकेट (टेस्ट) खेला है। वैभव ने कहा कि वे भारतीय टीम के लिए तीनों फॉर्मेट खेलना चाहते हैं।
तीनों फॉर्मेट खेलना चाहते हैं वैभव
सुनील गावस्कर से क्या बात हुई थी? इसके जवाब में वैभव ने कहा- बहुत लोग सोचते हैं, उन्होंने (गावस्कर) भी इसको लेकर मुझसे पूछा कि आगे रेड बॉल (टेस्ट) खेलना है या नहीं खेलना है। उसी का मैंने जवाब देते हुए कहा था कि मैं रेड बॉल से काफी प्रैक्टिस कर चुका हूं और अब भी करता हूं। अपने स्टेट के लिए भी रेड बॉल क्रिकेट काफी खेला है और अब भी खेलता हूं। मुझे रेड बॉल खेलना है, क्योंकि मैं उसकी काफी प्रैक्टिस करता हूं।
15 साल के इस ओपनर ने कहा- टी20 फॉर्मेट की यही (आक्रामकता) डिमांड है, इसलिए मैं इस तरह से बैटिंग करता हूं। रेड बॉल में जैसे जरूरत होगी, वैसे गेम को चेंज करूंगा। ODI में जैसी जरूरत होगी, वहां वैसे चेंज करूंगा। मेरा सपना तीनों फॉर्मेट खेलना है।
कोहली ने बड़े भाई की तरह समझाया
वैभव को IPL 2026 में बतौर प्राइज TATA Sierra कार मिली है। इसके चलाने को लेकर वैभव ने कहा- अभी तो तीन साल रखूंगा। लाइसेंस बनने के बाद चलाऊंगा। पापा को बोलूंगा कि वो चलाएंगे और मैं बगल में बैठूंगा।
विराट कोहली को लेकर वैभव ने कहा- जब विराट भैया ने कंधे पर हाथ रखा और मुझसे बात की तो ऐसा लगा जैसे यह कोई सपना है। उन्होंने मुझे कैप पर साइन करके दिया। जब ऑरेंज कैप नहीं होती तो मैं यही कैप पहनता था। उन्होंने बड़े भाई की तरह मुझे क्रिकेट और भविष्य को लेकर काफी कुछ समझाया है।
वैभव की भारतीय टी20 टीम में एंट्री
भारतीय टीम को इसी महीने के आखिर में आयरलैंड दौरे पर 2 टी20 मैच खेलने हैं। इसके बाद जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर 5 टी20 की सीरीज खेलनी है। साथ ही सितंबर में एशियन गेम्स 2026 भी खेलना है। तीनों के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान हो गया है। वैभव को तीनों स्क्वॉड में शामिल किया गया है।

