15 साल के वैभव का इंटरनेशनल डेब्यू: टीम इंडिया के सबसे युवा खिलाड़ी बने; सचिन का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
Published:
4 min read

15 साल 99 दिन के वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।@BCCI
स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को इतिहास रच दिया। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में उन्हें टीम इंडिया की ओर से पहला इंटरनेशनल मुकाबला खेलने का मौका मिला। इसके साथ ही वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए।
इसके साथ ही वैभव ने सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले मैंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में भारत के लिए डेब्यू करने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। वहीं, अगर मैंस और महिला दोनों क्रिकेट की बात करें तो यह रिकॉर्ड पहले शेफाली वर्मा के नाम था, लेकिन अब वैभव उनसे भी कम उम्र में भारत के लिए खेल चुके हैं।
14 रन बना पाए वैभव
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले से पहले वैभव को उनकी पहली इंटरनेशनल कैप तिलक वर्मा ने पहनाई। हालांकि सूर्यवंशी की डेब्यू पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी। सूर्यवंशी ने 10 गेंदों में 14 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के शामिल रहे।

भारत ने इस दौरे की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों से की थी। इसके बाद टीम इंग्लैंड पहुंची, जहां पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। वैभव पूरे दौरे में टीम के साथ हैं, लेकिन अभी तक उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैचों में वह बेंच पर बैठे रहे। इंग्लैंड के खिलाफ बारिश से धुले पहले टी20 मैच में भी उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला था।
वैभव का सोशल मीडिया पोस्ट
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 से पहले वैभव ने इंस्टा स्टोरी शेयर की। इसमें उन्होंने अपनी तस्वीर पर 'New Chapter' टेक्स्ट लिखा। बस इसी के बाद अटकलें शुरू हुईं कि उनका डेब्यू आज हो सकता है। हालांकि, टीम की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मैच से पहले भारत के गेंदबाजी कोच मॉर्ने मोर्कल ने कहा कि वैभव बहुत प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और आने वाले समय में भारत के लिए जरूर खेलेंगे। लेकिन किसी नए खिलाड़ी को मौका देने के लिए उन खिलाड़ियों को बाहर करना सही नहीं होगा, जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

अभिषेक शर्मा रैंकिंग में नंबर-1 थे
मोर्कल ने आगे कहा-टीम में पहले से अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाज हैं, जो हाल तक टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 थे। वहीं संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में प्रदर्शन किया था। ऐसे खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना भी जरूरी है। अगर किसी खिलाड़ी ने बड़े टूर्नामेंट में अच्छा खेला है, तो उसे लगातार मौके मिलने चाहिए। सिर्फ इसलिए उसे बाहर नहीं किया जा सकता कि कोई नया खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।
हालांकि, मोर्कल ने यह भी बताया कि वैभव ने नेट्स में अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। सिर्फ 15 साल की उम्र में इंटरनेशनल टीम के साथ प्रैक्टिस करना आसान नहीं होता, लेकिन उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की है।
मोर्कल ने कहा कि सोशल मीडिया पर वैभव के नेट्स में बल्लेबाजी के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। उन्होंने टीम के माहौल में खुद को अच्छी तरह ढाल लिया है और जब भी मौका मिलेगा, वह उसके लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे।

संजू सैमसन ने 3 पारी में 6 रन बनाए
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का हालिया प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने अपनी पिछली तीन पारियों में सिर्फ 5, 0 और 1 रन बनाए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि दूसरे टी20 में टीम बदलाव कर सकती है और वैभव सूर्यवंशी को भारत की सीनियर टीम से डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।

