11 बॉल पर फिफ्टी लगाने वाले वैभव बोले: मैंने 50 ओवर क्रिकेट भी बहुत खेला है, लोगों को शायद पता नहीं
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. यंग ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका A के खिलाफ ट्राई सीरीज फाइनल में सिर्फ 11 बॉल में फिफ्टी लगाई। यह लिस्ट A क्रिकेट हिस्ट्री की सबसे तेज फिफ्टी है। मैच के बाद वैभव ने कहा, "मैंने काफी 50 ओवर क्रिकेट खेला है। शायद लोगों को इसके बारे में ज्यादा पता नहीं है।"
दांबुला में खेले गए फाइनल में वैभव ने 29 बॉल पर 94 रन की इनिंग खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत A ने 66 रन से मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच के बाद क्या बोले वैभव?
'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए वैभव ने कहा- मुझ पर कोई प्रेशर नहीं था। मैं सिर्फ अपनी प्लानिंग के हिसाब से खेल रहा था। मैंने काफी 50 ओवर क्रिकेट खेला है। शायद लोगों को इसके बारे में ज्यादा पता नहीं है।
उन्होंने आगे कहा- इस सीरीज में सबसे बड़ा चैलेंज अलग-अलग कंडीशंस के मुताबिक खुद को एडजस्ट करना था। मुझे यह चैलेंज पसंद आया। मैंने इसे एन्जॉय किया।

ऑन-फील्ड कंट्रोवर्सी
फाइनल से पहले श्रीलंका A के खिलाफ सुपर ओवर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी एक ऑन-फील्ड कंट्रोवर्सी में भी शामिल थे। उनकी कुछ श्रीलंकाई प्लेयर्स से बहस हो गई थी। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में भी उनका बल्ला ज्यादा नहीं चला था। 4 इनिंग्स में उन्होंने सिर्फ 117 रन बनाए थे।
फाइनल में पलटवार
फाइनल में वैभव ने शुरुआत से ही अटैकिंग बैटिंग की। उनकी पारी की बदौलत भारत A ने सिर्फ 9 ओवर में 132 रन बना दिए। बाद में टीम ने 377 रन का स्कोर सेट किया। जवाब में श्रीलंका A की टीम 311 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत A ने 66 रन से मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन
वैभव सूर्यवंशी बड़े मैच में अपना बेस्ट निकालने के लिए जाने जाते हैं। इसी साल अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में उन्होंने 80 बॉल पर 175 रन की पारी खेली थी। IPL 2026 में भी उन्होंने एलिमिनेटर में 29 बॉल पर 97 रन और क्वालिफायर-2 में 47 गेंदों पर 96 रन बनाए थे।

