वैभव ने सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा: टीम इंडिया में शामिल होने वाले यंगेस्ट प्लेयर, अगरकर बोले- वो गेम चेंजर हो सकता है
Published: Updated:
2 min read

वैभव सूर्यवंशी के लिए IPL 2026 सीजन काफी शानदार रहा। उन्होंने 16 मैच में सबसे ज्यादा 776 रन बनाते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का ऑलटाइम रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वैभव भारतीय टीम में शामिल होने यंगेस्ट प्लेयर बन गए हैं। इस ओपनर को आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। इसके साथ ही चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने वैभव को गेम चेंजर भी कहा है।
दरअसल, वैभव ने यह उपलब्धि 15 साल और 71 दिन की उम्र में हासिल की है। इससे पहले टीम इंडिया में शामिल होने वाले यंगेस्ट प्लेयर का रिकॉर्ड सचिन के नाम था। सचिन को 1989 में पाकिस्तान दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह मिली थी। उन्होंने कराची टेस्ट से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था, तब उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी।
इंग्लैंड सीरीज और एशियन गेम्स 2026 के लिए घोषित भारतीय टीम देखने के लिए यहां क्लिक करें...
IPL 2026 सीजन में ऑरेंज कैप जीती
वैभव के लिए IPL 2026 सीजन काफी शानदार रहा। उन्होंने 16 मैच में सबसे ज्यादा 776 रन बनाते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। इस सीजन में वैभव ने एक सेंचुरी और 5 फिफ्टी लगाईं। उनका स्ट्राइक रेट भी 237.30 का रहा।
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले इस यंग ओपनर ने IPL 2026 सीजन में सबसे ज्यादा 72 सिक्स भी लगाए और क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा।
गेम चेंजर हो सकते हैं वैभव
अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- हम सभी ने देखा है कि वो क्या कर सकते हैं। प्लेऑफ में भी वो अकेले ही पूरी टीम को लेकर चल रहा था। बतौर एक यंग किड ऐसी दबाव वाली स्थिति में भी शानदार प्रदर्शन करना कम बात नहीं है। वो एक गेम चेंजर हो सकता है। यह तारीफ के काबिल है।

