वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार: द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित, PM मोदी से भी मुलाकात की
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. 14 साल के स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को एक बड़ी उपलब्धि मिली है। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया है। इसके बाद वैभव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। सूर्यवंशी को यह सम्मान राष्ट्रपति भवन में मिला। उनके साथ 19 बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
यह प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 5 से 18 साल तक के बच्चों को दिया जाता है। यह अवॉर्ड हर साल स्पोर्ट्स, सोशल सर्विस, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, आर्ट एंड कल्चर और एन्वायरमेंट जैसे क्षेत्र में बच्चों को दिया जाता है।
टीम इंडिया के लिए डेब्यू का मौका नहीं मिला
इसी दिन वैभव को विजय हजारे ट्रॉफी में मणिपुर के खिलाफ मैच खेलना था, लेकिन वे नहीं खेले। सम्मान समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने वैभव की तारीफ भी की। मुर्मु ने कहा कि आपकी यह अचीवमेंट बाकी बच्चों को मोटिवेट करेगी।
वैभव घरेलू क्रिकेट में बिहार के लिए खेलते हैं। उन्होंने अब तक 8 फर्स्ट क्लास, 7 लिस्ट-ए और 18 टी20 मुकाबले खेले हैं। उन्हें टीम इंडिया के लिए डेब्यू का मौका नहीं मिला है। वैभव ने घरेलू टी20 क्रिकेट में 3 शतक लगाए हैं।
पिछले 10 मैच में 3 सेंचुरी लगाई
14 साल का यह क्रिकेटर इस समय विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने पिछले मैच में अरुणाचल के खिलाफ 190 रन की शानदार पारी खेली थी। इससे पहले अंडर-19 एशिया कप में UAE के खिलाफ 170 रनों की पारी खेली थी।
इसी महीने में 2 दिसंबर को वैभव ने टी20 फॉर्मेट में भी सेंचुरी लगाई थी। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में महाराष्ट्र के खिलाफ 108 रनों की पारी खेली थी।

