वैभव के डेब्यू में देरी को लेकर उठे सवालों पर BCCI का जवाब: उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बोले- सूर्यवंशी के साथ नहीं हुई नाइंसाफी; कोच और कप्तान का सपोर्ट किया
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर लिया है। हालांकि उनके डेब्यू में देरी के लिए सोशल मीडिया पर कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर की काफी आलोचना हुई। इस पर BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में किसी खिलाड़ी के साथ नाइंसाफी नहीं होती और हमेशा कबिलियत के आधार पर मौका दिया जाता है। उन्होंने गंभीर और श्रेयस की हो रही आलोचना को भी गलत बताया।
शुक्ला ने वैभव को बधाई दी
राजीव शुक्ला ने सूर्यवंशी को भारत का सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर यह कहा जा रहा था कि वैभव को जानबूझकर मौका नहीं दिया गया और इसके लिए टीम मैनेजमेंट, कोच और कप्तान की आलोचना की जा रही थी, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं था।
शुक्ला ने ANI से कहा- BCCI किसी खिलाड़ी के साथ नाइंसाफी नहीं करता। जो खिलाड़ी मौका पाने का हकदार होता है, उसे सही समय पर अवसर जरूर मिलता है। मैंने पहले भी कहा था कि जब सही समय आएगा, वैभव को टीम में जगह मिलेगी और अब ऐसा हो गया। मुझे पूरा भरोसा है कि वह भविष्य में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करेगा।

15 साल और 99 दिन उम्र में डेब्यू
वैभव को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में डेब्यू का मौका मिला। इसके साथ ही वे 15 साल 99 दिन की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले यंगेस्ट इंडियन बन गए हैं।
उन्होंने सचिन तेंदुलकर (16 साल 205 दिन) और पीयूष चावला (17 साल 75 दिन) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वैभव ने डेब्यू मैच में 10 बॉल पर 14 रन बनाए। इस दौरान दो सिक्स लगाए।

