वैभव सूर्यवंशी को मिली टीम इंडिया की जर्सी: नीतीश रेड्डी आयरलैंड दौरे से बाहर, सूर्यांश शेडगे को मौका
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को पहली बार सीनियर टीम इंडिया की जर्सी मिल गई है। नंबर 03 की जर्सी हाथ में लेते ही वैभव भावुक हो गए और कहा कि बचपन से देश के लिए खेलने का जो सपना देखा था, वह अब सच होता नजर आ रहा है।
वहीं भारतीय टीम के ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी चोट के चलते आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए हैं। उन्हें बाएं पैर की जांघ (क्वाड्रिसेप्स) में चोट लगी है। नीतीश की जगह सूर्यांश शेडगे को टीम में शामिल किया गया है।
BCCI ने वैभव का वीडियो शेयर किया
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वैभव को उनकी पहली इंडियन जर्सी देते हुए दिखाया गया है। जर्सी मिलते ही वैभव के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दी। वैभव ने कहा- जिस दिन पहली बार बैट उठाया था, उसी दिन से देश के लिए खेलने का सपना देखा था।

मेरा सपना पूरा हो गया
वैभव ने कहा- मेरे पास इस खुशी को बताने के लिए शब्द नहीं हैं। बचपन से जिस सपने के लिए मेहनत की, आज वह पूरा हो गया। जब मैंने अपनी टीम इंडिया की जर्सी देखी तो अपनी मुस्कान रोक ही नहीं पा रहा था। जब यह जर्सी उनके होटल के कमरे में पहुंची तो कुछ देर तक उन्हें समझ ही नहीं आया कि कैसे रिएक्शन दें।
उनके मुताबिक- जिंदगी में कुछ पल ऐसे आते हैं जिनकी आपने कभी कल्पना भी नहीं की होती और जब वे सच होते हैं तो इंसान बस उन्हें महसूस करता रह जाता है।
हरभजन- रैना पहन चुके 03 की जर्सी
वैभव को टीम इंडिया की नंबर 03 जर्सी मिली है। इससे पहले यह नंबर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी हरभजन सिंह और सुरेश रैना पहन चुके हैं। हालांकि भारतीय टीम में जगह मिलने के बाद भी वैभव के सामने बड़ी चुनौती है। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के रहते वैभव की प्लेइंग इलेवन में जगह बनना मुश्किल है।

29 बाॅल में 94 रन बनाए
पिछले एक साल में वैभव ने लगातार शानदार प्रदर्शन करके सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। हाल ही में इंडिया-A की ओर से खेलते हुए ट्राई सीरीज के फाइनल में श्रीलंका-ए के खिलाफ 29 गेंदों पर 94 रन बना दिए थे। उन्होंने सिर्फ 11 बाॅल में फिफ्टी पूरी की थी, जो लिस्ट-ए क्रिकेट की सबसे तेज फिफ्टी है।
इससे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 80 गेंदों पर 175 रन की पारी खेली थी। इस पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर भी है।
IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर में 29 बाॅल पर 97 रन बनाए। इसके बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 में 47 गेंदों पर 96 रन की पारी खेली।

वैभव ने 462 रन बनाए
अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल, IPL एलिमिनेटर, क्वालिफायर-2 और इंडिया-A के लिए ट्राई सीरीज के फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में वैभव ने 462 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 249.73 रहा है। अब सभी की नजरें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर हैं। वैभव पहली बार सीनियर टीम इंडिया की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं और क्रिकेट फैन्स को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं।


