सूर्यवंशी को इंग्लैंड में मिलेगा अलग ड्रेसिंग रूम: ICC-ECB का 16 साल की उम्र से कम प्लेयर्स के लिए नियम, आयरलैंड के खिलाफ कर सकते हैं इंटरनेशनल डेब्यू
Published:
3 min read

इंग्लैंड दौरे पर सीनियर्स संग ड्रेसिंग रूम शेयर नहीं कर पाएंगे वैभव सूर्यवंशी।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के यंग प्लेयर वैभव सूर्यवंशी जल्द ही इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया के साथ नजर आ सकते हैं। लेकिन 15 साल की उम्र होने के कारण उन्हें सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने की अनुमति शायद न मिले। इसके पीछे ICC और ECB के कुछ खास नियम हैं, जो 16 साल से कम वाले खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं।
वैभव सूर्यवंशी इन दिनों खूब चर्चा में हैं। महज 15 साल की उम्र में टीम इंडिया में जगह बनाकर उन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। फैंस बेसब्री से उनके इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं।
इंग्लैंड में अलग सेफ्टी रूल होते
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- वैभव इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर नहीं कर पाएंगे। इसकी वजह उनकी उम्र है। वैभव अभी 16 साल से कम उम्र के हैं और इंग्लैंड में 16 साल से कम खिलाड़ियों के लिए कुछ खास सेफ्टी रूल होते हैं। बताया जा रहा है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के नियमों के मुताबिक-16 साल से कम उम्र के प्लेयर को सीनियर खिलाड़ी के साथ कुछ सुविधाएं इस्तेमाल करने की परमिशन नहीं होती। इसी कारण वैभव के लिए अलग चेंजिंग रूम और दूसरी फैसिलिटी का इंतजाम किया जा सकता है। हालांकि इससे उनके खेल या टीम में जगह पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वैभव पूरी तरह टीम का हिस्सा रहेंगे और खिलाड़ियों के साथ प्रैक्टिस भी करेंगे। यह सिर्फ सुरक्षा और नियमों से जुड़ा मामला है।

1996 के बाद कम एज में डेब्यू
सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ खेलने का मौका मिलता है तो वह 1996 के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे। इससे पहले पाकिस्तान के हसन रजा ने 1996 में पाकिस्तान के महज 14 साल और 227 दिन की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। वहीं, भारत के लिए सचिन तेंदुलकर ने 1989 में 16 साल और 205 दिन की उम्र में पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। अगर वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलता है, तो वह सचिन का यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। इंग्लैंड दौरे से पहले भारत को आयरलैंड के खिलाफ एक T20I खेलना है। माना जा रहा है कि वैभव को उसी मुकाबले में डेब्यू का मौका मिल सकता है।
टीम इंडिया को इस महीने के आखिर में आयरलैंड और फिर इंग्लैंड दौरे पर जाना है। आयरलैंड के खिलाफ 26 और 28 जून को दो टी20 मैच होने हैं। इसके बाद 1 से 19 जुलाई तक इंग्लैंड दौरे पर 5 T20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज होगी।


