वैभव के लिए संजू को बाहर नहीं कर सकते: टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच बोले- सूर्यवंशी तैयार, पर सैमसन को सपोर्ट करना होगा
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 0-2 से क्लीन स्वीप के बाद भारतीय टीम अब इंग्लैंड दौरे पर पहुंची है। यहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी में 5 टी20 और शुभमन गिल की कप्तानी में 3 वनडे की सीरीज खेलनी है। टी20 सीरीज के पहले मैच में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका नहीं मिलेगा। यह बात टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट (Ryan ten Doeschate) ने खुद कही है।
रयान ने साफ कहा है कि वैभव इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू के लिए तैयार हैं, लेकिन विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन को सपोर्ट करना होगा। वैभव के लिए संजू को बाहर नहीं कर सकते। संजू ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जिताने में अहम रोल निभाया था। उन्हें मौके मिलने चाहिए। वैभव को अभी इंतजार करना होगा।

बुधवार को पहला टी20
टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच सबसे पहले टी20 सीरीज खेली जाएगी। पहला मैच बुधवार (1 जुलाई) को चेस्टर-ली-स्ट्रीट में रात 10 बजे से खेला जाएगा। इससे एक दिन पहले रयान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बयान दिया है।
वैभव को इंतजार करना होगा
रयान ने कहा- वैभव इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन आप संजू सैमसन को बाहर नहीं कर सकते। उसने वर्ल्ड कप जीतने में हमारे लिए काफी अहम रोल निभाया था। हम प्लेयर को लंबा मौका देना चाहते हैं। वैभव को अपने मौके के लिए इंतजार करना होगा।
इस बयान से साफ लग रहा है कि टीम मैनेजमेंट संजू और अभिषेक को सपोर्ट करने के मूड में हैं। वैभव को पहले और दूसरे टी20 में मौका मिलना मुश्किल है। इस सीरीज में शायद वैभव को चौथे या पांचवें मैच में मौका मिल सकता है। हालांकि यह भी टीम मैनेजमेंट और मौजूदा स्थिति पर ही डिपेंड करेगा।


