वैभव उसको वापसी नहीं करने देगा: संजू का नाम लिए बगैर इरफान का तंज; फारूक इंजी. बोले- सूर्यवंशी को ODI में रोहित के साथ ओपनिंग भेजो
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैच की सीरीज में 151 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके बाद पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने वैभव की तारीफ की। साथ ही संजू सैमसन का नाम लिए बगैर उन पर तंज भी कसा। इरफान ने कहा कि वैभव जिस भी प्लेयर की जगह टीम में आएगा, उसको कभी वापसी नहीं करने देगा।
दरअसल, जिम्बाब्वे सीरीज से संजू सैसमन को आराम दिया गया। उनकी जगह वैभव ने ओपनिंग में मोर्चा संभाला। ऐसे में इरफान ने संजू का नाम नहीं लिया, लेकिन बात उनकी ही की।
दूसरी ओर पूर्व भारतीय क्रिकेटर फारुख इंजीनियर का मानना है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए वैभव को रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग का मौका दिया जाना चाहिए। इससे टीम इंडिया को बेहतरीन लेफ्ट-राइट ओपनिंग कॉम्बिनेशन मिलेगा और बैटिंग भी मजबूत होगी।
मौका मिलते ही कर दिया कमाल
इससे ठीक पहले इंग्लैंड दौरा वैभव के लिए ज्यादा अच्छा नहीं रहा था, लेकिन जिम्बाब्वे पहुंचते ही उन्होंने वापसी की। तीन टी20 मैचों में उन्होंने 151 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट करीब 196 रहा। भारतीय टीम ने सीरीज 3-0 से जीत ली।
यह भी पढ़ें : हिटमैन अभी रिटायर नहीं होंगे: BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बोले- रोहित के संन्यास की खबरें गलत, वे टीम इंडिया का अहम हिस्सा

इरफान पठान ने क्या कहा?
वैभव की तारीफ में इरफान ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- 'ये बच्चा जिसकी भी जगह लेगा, उसे वापस नहीं आने देगा। आखिर ये सूर्यवंशी इतना खास कैसे है?' यानी इरफान का मानना है कि वैभव अगर ऐसे ही खेलते रहे तो टीम में अपनी जगह लंबे समय तक बनाए रखेंगे।

रोहित के साथ सूर्यवंशी को ओपनिंग का मौका मिलना चाहिए
फारुख इंजीनियर ने न्यूज एजेंसी से कहा- उनकी (ODI टीम) ओपनिंग जोड़ी रोहित और सूर्यवंशी होनी चाहिए। शुभमन गिल इस समय भारतीय टीम के बेहतरीन बैटर हैं, इसलिए उन्हें नंबर-4 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। गिल क्लास खिलाड़ी हैं और मिडिल ऑर्डर में टीम को मजबूती दे सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा- वनडे क्रिकेट में लेफ्ट-राइट ओपनिंग जोड़ी काफी फायदेमंद रहती है। अगर रोहित शर्मा टीम में खेल रहे हैं, तो उन्हें वैभव सूर्यवंशी के साथ पारी की शुरुआत करनी चाहिए। वैभव जैसे फियरलेस बैटर ओपनिंग में ज्यादा असरदार साबित होते हैं, क्योंकि शुरुआती ओवर्स में मैदान पर गैप ज्यादा होते हैं और वह उनका बेहतर फायदा उठा सकते हैं।
फारुख के मुताबिक रोहित और वैभव ओपनिंग करें। विराट कोहली नंबर-3 और शुभमन गिल नंबर-4 पर बैटिंग करें। इस ऑर्डर के साथ टीम इंडिया की बैटिंग काफी मजबूत और संतुलित नजर आएगी।
संजू सैमसन की मुश्किल बढ़ी?
इस सीरीज में वैभव को संजू सैमसन की जगह मौका मिला था। उन्होंने इस मौके को हाथ से जाने नहीं दिया। अब लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद संजू सैमसन के लिए टीम में वापसी की राह आसान नहीं दिख रही है। हालांकि आखिरी फैसला टीम मैनेजमेंट ही करेगा।

V.V.S लक्ष्मण भी हुए फैन
इस सीरीज में टीम इंडिया के कोच रहे वीवीएस लक्ष्मण ने भी वैभव की तारीफ की। उन्होंने कहा- पिछले कुछ महीनों में वैभव सिर्फ बल्लेबाजी में ही नहीं, बल्कि अपनी सोच और समझ में भी काफी आगे बढ़े हैं।
लक्ष्मण ने कहा कि अंडर-19 क्रिकेट से लेकर IPL और अब इंटरनेशनल क्रिकेट तक वैभव ने हर जगह खुद को साबित किया है। इतनी छोटी उम्र में जिस मांइड सेट के साथ वह बड़े-बड़े बाॅलर का सामना कर रहे हैं, यह देखकर लगता है कि वे काफी आगे जाएंगे।
ये भी पढ़ें: गंभीर के कोच रहते 23 सीरीज: 13 जीते, 9 हारे; उससे पिछली 23 में से 4 ही सीरीज हारे थे, विदेश में भी रिकॉर्ड खराब हुआ

