वैभव की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से धक्का-मुक्की, VIDEO: सुपर ओवर में हारी इंडिया-ए टीम, ट्राई सीरीज में लगातार दूसरी शिकस्त
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया-ए टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर ODI ट्राई सीरीज खेल रही है। पहला मैच जीतने के बाद भारतीय टीम को लगातार दूसरे मैच में हार मिली है। पहले अफगानिस्तान की ए टीम ने बारिश से बाधित मैच में डकवर्थ लुईस नियम से हराया था। अब श्रीलंका-ए टीम ने सुपर ओवर में शिकस्त दी है। नतीजे के बाद मैच का माहौल बदल गया। श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाते हुए 15 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी से धक्का-मुक्की की।
इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वैभव इस सीरीज में फ्लॉप नजर आए। इस मैच में उन्होंने 14 बॉल पर 21 रन बनाए। इसके बाद जब मैच टाई हुआ तो सुपर ओवर में वैभव को उतारा गया। यहां उन्हें आखिरी 3 बॉल खेलने का मौका मिला, जिसमें 13 रन चाहिए थे। वैभव 6 रन ही बना सके।
श्रीलंकाई प्लेयर्स ने किए कमेंट्स
सुपर ओवर में हार के बाद वैभव और सूर्यांश पवेलियन की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी श्रीलंकाई प्लेयर कुछ कमेंट किया। जिसे सुनने के बाद दोनों भारतीय प्लेयर बात करने के लिए उनके पास आए। इसी दौरान धक्का-मुक्की हुई, जो वीडियो में साफ दिख रही है। वैभव ने भी श्रीलंकाई प्लेयर को धक्का दिया।
सुपर ओवर में इंडिया ने 16 रन दिए
दरअसल, सुपर ओवर में श्रीलंकाई टीम ने पहले बैटिंग की थी। टीम इंडिया के लिए अरशद खान ने यह ओवर किया, जिसमें 16 रन दिए। जब इंडिया की बारी आई तो कप्तान तिलक ने फॉर्म में चल रहे सूर्यांश शेडगे को स्ट्राइक और वैभव को नॉन-स्ट्राइक पर भेजा।
17 रन नहीं बना सके सूर्यांश-वैभव
सूर्यांश ने शुरुआती 3 बॉल पर सिर्फ 3 रन (डबल, सिंगल) बनाए। आखिरी तीन बॉल के लिए स्ट्राइक वैभव के पास आई। यह ओवर पेसर कुगथास मुथुलन ने किया। चौथी बॉल पर वैभव ने भी 2 रन लिए। 5वीं बॉल पर एक चौका लगाया।
आखिरी बॉल पर 8 रन चाहिए थे, जो वाइड या नोबॉल होने पर ही मुमकिन थे। मुथुलन ने यॉर्कर डाली, जिस पर वैभव रन नहीं बना सके। इस तरह इंडिया यह मैच हार गई।
इस तरह मैच टाई हुआ
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 265 रन बनाए थे। सूर्यांश ने 66 बॉल पर 72 रन की पारी खेली। विपराज निगम ने 49 बॉल पर 51 रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने 37 और तिलक वर्मा ने 23 रन बनाए। श्रीलंका के लिए विजयकांत और मोहम्मद शिराज ने 3-3 विकेट लिए।
टारगेट के जवाब में श्रीलंका-ए टीम भी 9 विकेट गंवाकर 265 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया। सदीरा समरविक्रमा ने 93 रन की पारी खेली। भारतीय टीम के लिए आयुष बदोनी ने 2 विकेट लिए। अरशद खान, निशांत सिंधु, विपराज निगम, अनुकूल रॉय और सूर्यांश को 1-1 सफलता मिली। आखिर में सुपर हुआ, जिसमें श्रीलंका ने जीत दर्ज की।

