वैभव सूर्यवंशी पर BCCI एक्शन नहीं लेगा: श्रीलंकाई प्लेयर से धक्का-मुक्की मामले में BCCI सेक्रेटरी बोले- अब मैच रेफरी ही फैसला करेंगे
Published: Updated:
2 min read

वैभव के लिए IPL 2026 सीजन शानदार रहा। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए 16 मैच में सबसे ज्यादा 776 रन बनाते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया-ए टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर ODI ट्राई सीरीज खेल रही है। इसी दौरान 15 साल के भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी का एक विवाद भी देखने को मिला है। टीम इंडिया के तीसरे मैच में वैभव की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से धक्का-मुक्की हो गई थी। इस मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया का बयान आया है।
इस मामले में मैच रेफरी ही फैसला लेंगे
दरअसल, विवाद के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि भारतीय बोर्ड वैभव के खिलाफ एक्शन लेगा। इन खबरों को सेक्रेटरी ने गलत बताया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में मैच रेफरी ही फैसला लेंगे। इस पूरे मामले में BCCI का कोई रोल नहीं है।

सैकिया ने न्यूज एजेंसी से कहा- सोशल मीडिया पर बहुत सी बातें चल रही हैं कि BCCI एक्शन लेने के बारे में सोच रहा है। मैं पूछता हूं क्या आप चाहते हैं कि BCCI मैच रेफरी के काम में दखल दे?
BCCI को दखल नहीं देना चाहिए
उन्होंने कहा- BCCI कोई अथॉरिटी नहीं है। मैदान पर जो कुछ भी होता है उसको लेकर सभी फैसले मैच रेफरी और अंपायर ही करते हैं, वहां हमें दखल नहीं देना चाहिए।
सैकिया ने कहा- जो कुछ भी हुआ है, वह खेल का ही एक हिस्सा है। इसमें BCCI का कोई रोल नहीं है। यह सारा मामला मैच रेफरी और अंपायर का है। यदि कुछ गलत हुआ है तो वे ही फैसला लेंगे। इसके लिए एक पूरा सिस्टम है।
क्या है मामला
दरअसल, इस ट्राई सीरीज में इंडिया-ए टीम ने तीसरा मैच श्रीलंका-ए के खिलाफ खेला। यह मैच टाई होने के बाद भारतीय टीम को सुपर ओवर में हार मिली थी। नतीजे के बाद मैच का माहौल बदल गया। श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाते हुए वैभव से धक्का-मुक्की की। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
वीडियो में देख सकते हैं कि सुपर ओवर में हार के बाद वैभव और सूर्यांश शेडगे पवेलियन की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान एक श्रीलंकाई प्लेयर ने कुछ कमेंट किया। जिसे सुनने के बाद दोनों भारतीय प्लेयर बात करने के लिए उनके पास आए। इसी दौरान धक्का-मुक्की हुई, जो वीडियो में साफ दिख रही है। वैभव ने भी श्रीलंकाई प्लेयर को धक्का दिया।

