उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2025: काशी रुद्राक्ष टीम बनी चैम्पियन, फाइनल में मेरठ को हराया; करण शर्मा रहे जीत के हीरो
Published:
2 min read

करण शर्मा (लेफ्ट) को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला। सुनील चौधरी ने दो विकेट लिए। (@kashirudras)
स्पोर्ट्स डेस्क. उत्तर प्रदेश टी20 लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच खेला गया। काशी की टीम ने मेरठ को 8 विकेट से हराकर दूसरी बार इस खिताब को अपने नाम किया। करण शर्मा ने 65 रन की पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
फाइनल मुकाबले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिक्का उछाला, जिसे मेरठ ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह थे, लेकिन एशिया कप 2025 के लिए उनको दुबई जाना पड़ा और वह फाइनल मुकाबला खेल नहीं पाए।
मेरठ मावेरिक्स की पहली पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ की टीम की शुरुआत बेहद ही खराब रही। महज 2 रन के स्कोर पर पहला विकेट खो दिया। स्वास्तिक चिकारा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। दूसरा विकेट भी जल्दी गिर गया, ओपनर अक्षय दुबे 17 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान माधव कौशिक भी टीम को संभाल नहीं पाए, वे भी 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
प्रशांत चौधरी ने थोड़ी देर पारी को संभालकर रखा और सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। मिडिल ऑर्डर भी फ्लॉप रहा। दिव्यांश राजपूत–रितिक वत्स ने 18–18 और अक्षय दुबे के 17 रन की बदौलत मेरठ की टीम 9 विकेट खोकर 144 रन ही बना सकी। काशी टीम के सुनील कुमार, कार्तिक यादव और शिवम मावी ने 2–2 विकेट अपने नाम किए।
रुद्राक्ष ने 8 विकेट से जीता
145 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी काशी टीम के ओपनर अभिषेक गोस्वामी और करण शर्मा ने पहले विकेट के लिए 108 रन जोड़े और काशी की टीम को जीत के दहलीज पर खड़ा कर दिया। करण ने 31 गेंद पर 65 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक ने भी 45 गेंद पर 61 रन की नाबाद पारी खेली और टीम यह मैच 8 विकेट से जीत गई।
काशी दूसरी बार बने चैम्पियन
उत्तर प्रदेश टी20 लीग की शुरुआत 2023 से हुई। पहला सीजन काशी रुद्राक्ष ने मेरठ मावेरिक्स को हराकर पहला खिताब अपने नाम किया था। 2025 में मेरठ को हराकर दूसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। काशी इस लीग की सबसे सफल टीम रही।

