उसैन बोल्ट को याद आए क्रिकेट के दिन : विराट कोहली को ड्रीम रिले टीम में चुना; सचिन-लारा और जोंटी रोड्स के फैन
Published:
2 min read

उसैन बोल्ट ने भारत में विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के साथ क्रिकेट की बातें कीं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. जमैका के स्टार और आठ बार के ओलंपिक चैम्पियन उसैन बोल्ट भारत यात्रा पर हैं। उन्होंने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में भारत और यहां के खाने की तारीफ की। एथलेटिक्स में आने से पहले उसैन क्रिकेटर थे। उसैन के मुताबिक, वो पेस बॉलर थे। उन्होंने कहा- मैं अगर क्रिकेट में आगे बढ़ता तो जरूर गेंदबाज होता। मेरे लिए क्रिकेट बहुत बड़ी चीज है। विराट कोहली सबसे बड़े क्रिकेटर्स में से एक हैं।
उसैन से जब ड्रीम रिले टीम बनाने के लिए कहा गया तो उन्होंने विराट कोहली को चुना। बोल्ट ने कहा कि कोहली मैदान पर बहुत तेज दौड़ते हैं और रिले टीम में जगह बना सकते हैं। उन्होंने कहा- मैं ब्रेट ली (ऑस्ट्रेलिया) को जानता हूं और उनके साथ जोंटी रोड्स (साउथ अफ्रीका) को भी टीम में शामिल करूंगा।
कोच ने कहा था रनिंग करने के लिए
बोल्ट ने आगे बताया- मेरे क्रिकेट कोच ने ही मुझे रनिंग में कॅरियर बनाने को कहा था। तब मैं तेज गेंदबाज था और क्रिकेट कोच ने रन अप की स्पीड देखी। एक दिन मेरे कोच ने कहा- क्यों न तुम ट्रैक एंड फील्ड में किस्मत आजमाओ। मैंने उनकी बात मानी। मुझमें टैलेंट था। इसके बाद प्रैक्टिस करता रहा।
एथलीट नहीं क्रिकेटर होते बोल्ट
बोल्ट ने कहा- अगर मेरे कोच ने मुझे दौड़ने के लिए नहीं कहा होता तो मैं क्रिकेट में ही बना रहता। मेरे पिता क्रिकेट के बहुत बड़े फैन थे और बचपन से मैं क्रिकेट के अलावा कुछ नहीं जानता था। फुटबॉल भी था, लेकिन क्रिकेट पर मेरा पूरा फोकस था।
सचिन और लारा को खेलते देखा
बोल्ट से जब फेवरेट क्रिकेटर के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा- हां मैं बहुत सारे क्रिकेटरों को देखकर बड़ा हुआ हूं। जैसे जोंटी रोड्स बेस्ट फील्डरों में से एक हैं। कर्टनी वॉल्श, एम्ब्रोस, सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा... इन सबको मैंने कई साल खेलते देखा है। मैं इन सबका बहुत बड़ा फैन हूं।

