US Open 2025: पहले ही राउंड में हारे डेनिल मेदवेदेव, रेफरी से हुई तीखी बहस; गुस्से में रैकेट तोड़ा
Published:
3 min read

यूएस ओपन 2025 के पहले राउंड में डेनिल मेदवेदेव फ्रांस के बेंजामिन बोन्जी से 3 घंटे 45 मिनट चले मैच में हार गए। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. रूस के टेनिस स्टार और पूर्व चैम्पियन डेनिल मेदवेदेव का सफर यूएस ओपन 2025 में पहले ही राउंड में खत्म हो गया। फ्रांस के बेंजामिन बोन्जी ने उन्हें 5 सेट तक चले मुकाबले में हरा दिया। यह मुकाबला 3 घंटे 45 मिनट तक चला। इसमें बोन्जी ने 6-3, 7-5, 6-7(5), 0-6, 6-4 से जीत दर्ज की।
गुस्से में तोड़ा रैकेट
इस मैच में हार के बाद मेदवेदेव निराश दिखे। शुरुआती दो सेट उन्होंने 3-6 और 5-7 से गंवा दिए। तीसरे सेट में उन्होंने वापसी की। एक मैच पॉइंट बचाते हुए टाईब्रेक में सेट अपने नाम किया। चौथे सेट में तो उन्होंने बोन्जी को कोई मौका ही नहीं दिया और 6-0 से सेट जीतकर सेट अपने नाम किया। आखिरी सेट में वह 4-6 से हार गए। इसके बाद मेदवेदेव ने अपना गुस्सा रैकेट पर निकाला और उसे तोड़ दिया।
मेदवेदेव लगातार 3 ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के पहले राउंड में हारकर बाहर हुए हैं। साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन में मेदवेदेव दूसरे राउंड में बाहर हुए थे। जहां उन्हें अमेरिका के लर्नर तिएन ने 5 सेट में हराया था।
इसके बाद लगातार तीन ग्रैंड स्लैम (फ्रेंच ओपन, विम्बलडन और अब यूएस ओपन) में वह पहले ही राउंड में हारकर बाहर हो गए।

फोटोग्राफर कोर्ट में घुस आया
मैच के दौरान एक बड़ा विवाद भी देखने को मिला। तीसरे सेट में जब बोन्जी मैच सर्व कर रहे थे, तभी एक फोटोग्राफर कोर्ट में घुस आया। इससे उनका पहला सर्विस फॉल्ट हो गया। अंपायर ने नियम के तहत पॉइंट को एक्सटर्नल इंटरफेरेंस मानकर बोन्जी को दोबारा पहला सर्व करने का मौका दिया।
यहीं से विवाद शुरू हुआ
मेदवेदेव ने इसका कड़ा विरोध किया और कहा कि बोन्जी को दोबारा पहला सर्व करने का मौका नहीं मिलना चाहिए। उनकी इस बहस से दर्शक भी भड़क गए और उन्होंने बोन्जी और अंपायर दोनों के खिलाफ हूटिंग शुरू कर दी। लगभग 10 मिनट तक खेल रुका रहा। बोन्जी इस दौरान काफी परेशान दिखे और आखिरकार वह तीसरा और चौथा सेट हार गए।
बोन्जी ने कहा- ऐसा माहौल पहली बार देखा
मैच जीतने के बाद बोन्जी ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में ऐसा माहौल पहले कभी नहीं देखा। मैंने कभी ऐसा अनुभव नहीं किया। शायद हम 5 मिनट तक मैच प्वॉइंट से पहले रुके रहे। बहुत शोर था, पॉइंट्स के दौरान भी और बीच-बीच में भी। माहौल बहुत ही वाइल्ड था। मैंने कोशिश की कि शांत रहें और मैच में बना रहूँ। आसान नहीं था, लेकिन आखिर में मैंने दिल लगाकर खेला और जीत हासिल की।

