U19 एशिया कप के सेमीफाइनल में इंडिया: पाकिस्तान को 90 रन से हराया, कनिष्क बने प्लेयर ऑफ द मैच
Published: Updated:
2 min read

भारतीय तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ने 7 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। (Photo: ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. अंडर 19 एशिया कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 90 रन से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। यह मुकाबला रविवार (14 दिसंबर) को दुबई में खेला गया। इंडिया ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीत लिए हैं। इस तरह 4 पॉइंट्स के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। अब ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मुकाबला 16 दिसंबर को मलेशिया से होगा।
इस ग्रुप मुकाबले में 241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 41.2 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई। हुजैफा अहसन ने सबसे ज्यादा 70 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके। भारत के लिए दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 3-3 विकेट लिए। किशन सिंह को 2 विकेट मिले। वैभव सूर्यवंशी और खिलन पटेल ने एक-एक विकेट लिया।
भारतीय ऑलराउंडर कनिष्क चौहान प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने मुश्किल समय में बैटिंग करते हुए 46 बॉल पर 46 रनों की पारी खेली। इसके बाद बॉलिंग में कमाल दिखाया। कनिष्क ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए।
आरोन ने खेली 85 रनों की पारी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने लगातार विकेट गंवाए और आखिर में 240 रन ही बना सकी। आरोन जॉर्ज ने 88 बॉल पर सबसे ज्यादा 85 रन की पारी खेली। कनिष्क चौहान ने 46 और कप्तान आयुष म्हात्रे ने 38 रन बनाए।
वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चल सका। वे 5 रन पर आउट हुए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद सैय्याम और अब्दुल सुभान ने 3-3 विकेट लिए। निकब शफीक को 2 विकेट मिले। इस तरह पाकिस्तान को 241 रन का टारगेट दिया।
पिछले मैचों में पाकिस्तान का पलड़ा भारी रहा
जूनियर स्तर पर हाल के मुकाबलों में पाकिस्तान का पलड़ा भारी रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर 19 के पिछले तीनों मैच पाकिस्तान ने जीते हैं। इमर्जिंग एशिया कप में अंडर 23 टीमों के बीच पिछला मैच भी पाकिस्तान के नाम रहा था।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारतीय टीम: आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, कनिष्क चौहान, दीपेश देवेंद्रन, खिलन पटेल, किशन सिंह, हेनिल पटेल, अभिज्ञान कुंडु (विकेटकीपर) और आयुष म्हात्रे (कप्तान)।
पाकिस्तान: समीर मिन्हास, अहमद हुसैन, उस्मान खान, अली हसन बलोच, निकाब शफीक, हुजैफा अहसान, दानियाल अली खान, मोहम्मद सैय्याम, अली रजा , हमजा जहूर (विकेटकीपर) और फरहान यूसुफ (कप्तान)।

