वैभव-आयुष से भिड़ा पाकिस्तानी बॉलर: सूर्यवंशी ने जूते की तरफ इशारा कर जवाब दिया, VIDEO
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल रविवार (21 दिसंबर) को हुआ, जिसमें पाकिस्तान ने टीम इंडिया को 191 रन से हराकर दूसरी बार खिताब जीता। इसी मुकाबले के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ी भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे से भिड़ते नजर आए।
यह फाइनल दुबई के ICC अकादमी ग्राउंड में खेला गया। मैच में पाकिस्तानी पेसर अली रजा ने भारतीय ओपनर आयुष और वैभव दोनों को आउट किया। इस दौरान अली ने दोनों ही खिलाड़ियों से पंगा लिया। इस पर उसे करारा जवाब भी मिला।
अली ने लिया वैभव-आयुष से पंगा
पहले अली रजा ने भारतीय कप्तान आयुष से पंगा लिया था। अली की बॉल पर आयुष कैच आउट हुए थे। इसी दौरान पाकिस्तानी बॉलर ने कुछ कहा, जिस पर आयुष गुस्सा हो गए। इसका भी एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आयुष कुछ कहते दिख रहे हैं।
भारतीय बैटिंग के दौरान वैभव 10 बॉल पर 26 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट पेसर अली रजा ने लिया। इसी दौरान अली ने कुछ अपशब्द कहे, जिस पर वैभव ने अपने जूतों की तरफ इशारा करते हुए जवाब दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इंडिया को 348 रन का टारगेट
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान टीम ने 8 विकेट पर 347 रन बनाए। ओपनर समीर मिन्हास ने 113 बॉल पर 172 रन बनाए। अहमद हुसैन ने 56 रनों की पारी खेली। उस्मान खान ने 35 और फरहान यूसुफ ने 19 रन बनाए।
भारतीय टीम के लिए दीपेश देवेंद्रन ने 3 विकेट लिए। हेनिल पटेल और खिलान पटेल को 2-2 विकेट मिले। एक सफलता कनिष्क चौहान को मिली।
पाकिस्तान 191 रन से जीता
मैच में पाकिस्तान ने 348 रनों का टारगेट दिया था। इसके जवाब में भारतीय टीम 26.2 ओवर में 156 रन पर ही सिमट गई। इस तरह यह मुकाबला 191 रन से गंवा दिया। टीम इंडिया के लिए बॉलर दीपेश देवेंद्रन ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए।
जबकि ओपनर वैभव सूर्यवंशी 26 और आरोन जॉर्ज 16 रन ही बना सके। पाकिस्तान के लिए अली रजा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। मोहम्मद सय्याम, हुजैफा अहसान और अब्दुल सुभान को 2-2 विकेट मिले।

