एक टूर्नामेंट में दो जापानी बॉक्सर की मौत: दोनों को ब्रेन इंजरी हुई थी; JBC ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग, OPBF टाइटल बाउट 12 से 10 कर दी
Published:
3 min read

बॉक्सर कोतारी (लेफ्ट) ने कॅरियर में 12 फाइट लड़ीं, जिसमें 8 जीती। उराकावा ने 14 में से 10 मुकाबले जीते थे। (सोशल मीडिया)
इस हफ्ते खेल जगत के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। एक ही बॉक्सिंग टूर्नामेंट में दो जापानी बॉक्सर की मौत हो गई। उन्हें ब्रेन इंजरी हुई थी। 28 साल के शिगेतोशी कोतारी (Shigetoshi Kotari) और इतनी ही उम्र के हिरोमासा उराकावा (Hiromasa Urakawa) ने जान गंवाई है।
इसके बाद जापान बॉक्सिंग कमीशन (JBC) ने जांच शुरू करते हुए 12 अगस्त को एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। इसके अलावा JBC ने सख्त कदम उठाते हुए ओरिएंटल एंड पैसिफिक बॉक्सिंग फेडरेशन (OPBF) मैच में टाइटल बाउट को 12 से घटाकर 10 कर दिया है।
जो भी सही कदम उठाना होगा उठाएंगे: JBC
JBC के सचिव-जनरल त्सुयोशी यासुकोची ने कहा- ‘हम इस स्पोर्ट के मैनेजमेंट के तौर पर अपनी जिम्मेदारी समझते हैं। जो भी सही कदम उठाना होगा उठाएंगे।’ उन्होंने कहा कि जापानी बॉक्सिंग की ऑफेंसिव पावर बढ़ गई है। बॉक्सर पहले राउंड से ही जोरदार पंच मारने लगते हैं। इससे 12 राउंड खतरनाक साबित हो सकते हैं।
कोतारी और उराकावा ने टोक्यो के कोराकुएन हॉल में अलग-अलग मुकाबलों में हिस्सा लिया था। कोतारी की फाइट 2 अगस्त को यामातो हाटा से हुई थी। इस मुकाबले में 12 बाउट के बाद कोतारी बेहोश हो गए थे। उन्हें ब्रेन इंजरी हुई थी। इलाज के दौरान ही 8 अगस्त को उनकी मौत हो गई।
कोतारी को Subdural hematoma हुआ था, जिसके लिए उनकी ब्रेन सर्जरी हुई थी। जब ब्रेन और स्कल के बीच खून जम जाता है, तो उसे Subdural hematoma कहते हैं।
वर्ल्ड बॉक्सिंग ऑर्गेनाइजेशन (WBO) ने उनके निधन पर शौक जताया। सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- "रिंक में एक वॉरियर। एक सच्चा फाइटर। जल्दी चला गया। हमारी संवेदनाएं उनकी फैमिली, टीम और पूरे जापानी बॉक्सिंग कम्यूनिटी के साथ हैं।"
उराकावा ने 14 और कोतारी ने 12 फाइट लड़ीं
कोतारी की मौत के अगले दिन यानी 9 अगस्त को उराकावा की भी मौत हो गई। उनका नॉकआउट मुकाबला योजी सैतो से हुआ था, जो 8 बाउट तक चला।
फेदरवेट वर्ग के 8वें राउंड में हिरोमासा उराकावा और योगी सैतो के बीच नॉकआउट मुकाबला हुआ था। इसी दौरान उन्हें ब्रेन इंजरी हुई। उनकी craniotomy सर्जरी की गई थी, लेकिन जान नहीं बच सकी।
उराकावा ने कॅरियर में 14 में से 10 मुकाबले जीते थे। इनमें 7 नॉकआउट जीत थीं, जबकि 4 मुकाबलों में हार झेली थी। दूसरी ओर कोतारी ने 12 फाइट लड़ीं, जिसमें 8 जीती और 2 में हार मिली। 2 फाइट ड्रॉ रहीं। इसमें 5 नॉकआउट जीत हैं।
इस साल यह तीसरे बॉक्सर की मौत है
साल के शुरुआत में आयरिश बॉक्सर जॉन कूनी (John Cooney) की डेथ हुई थी। नॉर्दर्न आयरलैंड में कूनी की फाइट नाथन हॉवेल्स से हुई थी। इसमें कूनी को हार मिली थी और ब्रेन इंजरी हुई थी। एक हफ्ते इलाज के बाद कूनी की अस्पताल में मौत हो गई थी।

