बैजबॉल से ऑस्ट्रेलिया को करोड़ों का नुकसान: दो दिन में खत्म एशेज का पहला टेस्ट, लौटाने होंगे टिकट्स के रुपए
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एशेज सीरीज 2025 में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने जीत से आगाज किया। पहला टेस्ट इंग्लैंड के खिलाफ पर्थ में खेला गया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन (22 नवंबर) ही 8 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के बावजूद ऑस्ट्रेलिया को करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया। मैच के अगले दो दिन के टिकट भी बिक गए थे, जिसके रुपए अब लौटाने होंगे। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड (CA) को यह झटका बैजबॉल गेम के कारण लगा।
पहले ही दिन लगभग दोनों पारियों हो गईं थीं। मैच के पहले दिन 19 विकेट गिरे थे। दूसरे दिन इंग्लैंड ने 205 रनों का टारगेट दिया था। इसके बाद ट्रेविस हेड ने 69 बॉल पर सेंचुरी लगाकर टीम को जीत दिलाई। मिचेल स्टार्क को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहली पारी में 7 और दूसरी पारी में 3 विकेट लिए।
17-18 करोड़ रुपये का नुकसान होगा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पर्थ टेस्ट के लिए तीसरे दिन के टिकट पूरी तरह बिक गए थे। यानी तीसरा दिन हाउसफुल था। चौथे दिन के टिकट भी 50% से ज्यादा बिक गए थे। अब यह सारे टिकट के रुपए लौटाने होंगे। इससे करीब 3 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर (लगभग 17-18 करोड़ रुपये) का नुकसान होगा।
सबसे ज्यादा दर्शकों ने टेस्ट देखकर रिकॉर्ड बनाया
पर्थ टेस्ट के पहले दिन 51,531 लोग स्टेडियम पहुंचे थे। दूसरे दिन 49,983 दर्शकों ने स्टेडियम में मैच देखा। इस तरह दो दिन में रिकॉर्ड 1 लाख 1 हजार 514 दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे। यह पर्थ स्टेडियम में एक रिकॉर्ड है। पिछले साल भारत के खिलाफ हुए टेस्ट में 96,463 लोग आए थे।
ट्रेविस हेड ने भी निराशा जताई
सेंचुरी लगाकर मैच जिताने वाले ट्रेविस हेड ने भी निराशा जताई। उन्होंने कहा- मुझे उन लोगों के लिए बुरा लग रहा है जो तीसरे दिन स्टेडियम में मैच नहीं देख पाएंगे। मुझे लगता है तीसरे दिन भी पूरा स्टेडियम भर जाता।
पर्थ टेस्ट से पहले CA के मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने एक इंटरव्यू में 2 दिन में मैच खत्म होने की बात पहले ही कह दी थी। हालांकि उन्होंने यह बात मजाकिया अंदाज में कही थी। उन्होंने कहा था- जल्दी मैच खत्म होने से सबसे पहले हमारे ब्रॉडकास्ट चैनल को नुकसान होता है। फिर हमारा टिकट का पैसा, हमारे स्पॉन्सर और पार्टनर। सबको बड़ा आर्थिक झटका लगता है।
हेड ने 83 बॉल पर 123 रन बनाए
पर्थ टेस्ट में इंग्लैंड ने 205 रन का टारगेट दिया था। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट गंवाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से ओपनर ट्रेविस हेड ने 83 बॉल पर 123 रनों की पारी खेली। मार्नस लाबुशेन ने नाबाद 51 रन बनाए। उनके अलावा जैक वेदराल्ड ने 23 और कप्तान स्टीव स्मिथ ने नाबाद 2 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए दोनों विकेट ब्रायडन कार्स ने लिए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

