एशिया कप में भारत-PAK मैच गलत: ममता के मंत्री और क्रिकेटर मनोज तिवारी बोले- PM ने ही तो कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है, फिर मैच क्यों
Published:
3 min read

मनोज तिवारी अब भी क्रिकेट खेलते हैं। वो IPL भी खेल चुके हैं। (फाइल)
इसी साल सितंबर में एशिया कप 2025 होना है। इसका शेड्यूल भी जारी हो गया है। इसके तहत भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 14 सितंबर को होना है। इसका विरोध लगभग हर भारतीय कर रहा है। इस बीच पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की TMC सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने भारत और पाकिस्तान के मैच का विरोध किया है।
मनोज ने कहा- मैं भी इस भारत-पाकिस्तान मैच के खिलाफ हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संसद में कह दिया है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है। ऐसे में यह मैच कैसे हो सकता है।
भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होना चाहिए
दरअसल, इसी साल 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। इसमें 26 टूरिस्ट की जान गई थी। इसके बाद 7 मई 2025 को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया, जिसमें पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए गए। इसके बाद से ही किसी भी टूर्नामेंट या खेल में पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बॉयकॉट होने लगा।
इसी बीच मनोज तिवारी ने ANI से कहा- "मैं इसके खिलाफ हूं। भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होना चाहिए। खासकर पहलगाम हमले के बाद, जिसमें आम नागरिकों की हत्या हुई। इसके बाद ही ऑपरेशन सिंदूर हुआ।"
उन्होंने कहा- "स्थिति बहुत खराब थी, ऐसे में हम कैसे भारत-पाकिस्तान मैच के बारे में सोच सकते हैं। मुझे लगता है कि इस पर फिर से विचार होना चाहिए। ऐसे माहौल में भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होना चाहिए।"
ऑपरेशन सिंदूर अब भी जारी है
पीएम मोदी ने मंगलवार (29 जुलाई) को लोकसभा में एक बार फिर पाकिस्तान को वॉर्निंग दी। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ कुछ भी करने की कोशिश की तो इसका करारा जवाब मिलेगा, क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर अब भी जारी है।
इसका जिक्र करते हुए मनोज तिवारी ने कहा- "हमारे प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि ऑपरेशन सिंदूर अब भी जारी है... ऐसे में पाकिस्तान से मैच कैसे हो सकता है।"
21 तारीख को भी मैच हो सकता है
एशिया कप 9 सितंबर से 28 को यूएई में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप हैं। इंडिया का पहला मैच UAE से है। इसके बाद 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में मैच होगा। अगर दोनों टीमें ग्रुप स्टेज से आगे बढ़ती हैं, तो सुपर-4 राउंड में भी 21 सितंबर को एक बार फिर इनका आमना-सामना हो सकता है।
एशिया कप इस बार टी20 फॉर्मेट में होगा। टूर्नामेंट में 6 टीमें होंगी, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इसके बाद टॉप-4 टीमों के बीच राउंड रॉबिन फॉर्मेट में सुपर-4 मुकाबले होंगे। फिर टॉप-2 टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा।
ग्रुप A में भारत, पाकिस्तान, UAE और ओमान हैं, जबकि ग्रुप B में श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग शामिल हैं। इस बार हर टीम 17 खिलाड़ियों की टीम मैदान में उतार सकती है। इस बार एशिया कप के मैच UAE के दो शहर दुबई और अबू धाबी में होंगे।

