थोड़ी भी देर होती तो जान चली जाती: तिलक वर्मा को 3 साल पहले रबडोमायोलिसिस बीमारी हुई थी, अब कहा- भगवान से जिंदगी मांग रहा था
Published: Updated:
3 min read

तिलक वर्मा ने हाल ही में एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 69 रन की नाबाद पारी खेली थी। साथ ही भारतीय टीम को एशिया कप चैम्पियन भी बनाया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने 2022 में IPL डेब्यू किया था। इसी सीजन के बाद तिलक को रबडोमायोलिसिस बीमारी हुई थी और जान जाते-जाते बची थी। इसका खुलासा खुद तिलक वर्मा ने किया है। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल पहुंचने पर डॉक्टर ने कहा था कि थोड़ी भी देर होती तो जान जा सकती थी। तिलक ने बताया कि वे भगवान से बार-बार जिंदगी मांग रहे थे।
तिलक वर्मा ने गौरव कपूर के यूट्यूब शो में कहा- मेरे फर्स्ट IPL सीजन के बाद मुझे एकदम फिट बनने का जुनून सवार हो गया था। मैंने यह बात कभी किसी से नहीं कही, पहली बार कह रहा हूं।
वर्ल्ड का सबसे फिट प्लेयर बनना था
उन्होंने कहा- मैं लगातार घरेलू क्रिकेट खेल रहा था। इंडिया ए के लिए खेल रहा था और कैम्प्स भी चल रहे थे। बीच में जब रेस्ट डे होते थे तो मैं जिम करता था। मुझे वर्ल्ड का सबसे फिट प्लेयर बनना था। मैं रिकवरी पर ध्यान नहीं दे रहा था।
तिलक ने आगे कहा- मैं आइसबाथ कर रहा था और सो भी रहा था, लेकिन बॉडी को रिकवरी के लिए और भी ज्यादा समय चाहिए होता है। मेरे मसल्स ज्यादा ओवरस्ट्रेन होकर ब्रेकडाउन हो गए। इससे मेरे नस और शरीर एकदम हार्ड हो गए। उस समय मुंबई इंडियंस (MI) मेरे साथ थी। मैं बांग्लादेश में इंडिया-ए के लिए सीरीज खेल रहा था। मुझे टीम इंडिया के लिए टेस्ट खेलना था। यह सब मेरे मन में चल रहा था।
मैच के बीच में अस्पताल ले जाना पड़ा
टॉप ऑर्डर बैटर तिलक ने कहा- मैं करीब 100 बॉल तक खेला और अचानक मेरी आंखों से पानी आने लगा। बैट नहीं उठ रहा था और फिंगर्स भी हिला नहीं पा रहा था। मसल्स ब्रेकडाउन होकर पत्थर की तरह हो गया था। मुझे रिटायर हर्ट होना पड़ा। बाहर आया तो मेरे ग्लव्स को काटना पड़ा, क्योंकि फिंगर्स मूव नहीं कर पा रहा था।
22 साल के तिलक ने आगे कहा- मुझे तुरंत आकाश अंबानी का फोन आया और उन्होंने BCCI से बात की। BCCI ने भी बहुत हेल्प की। मुझे तुरंत हॉस्पिटल में एडमिट कराया। वहां मुझसे कहा कि थोड़ा भी लेट होते तो जान भी जा सकती थी। कुछ भी हो सकता था। सुई भी लगाते थे तो टूट जाती थी। मां मेरे साथ थी और हाथों से खाना खिलाती थी। मैं भगवान से यही कह रहा था कि मुझे जिंदगी दे दो और वापस क्रिकेट खिला दो।
एशिया कप फाइनल में खेली मैच विनिंग इनिंग
तिलक वर्मा ने अब तक 32 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 962 रन बनाए हैं। इस दौरान 2 सेंचुरी और 4 फिफ्टी लगाईं। तिलक ने 4 वनडे मैचों में 68 रन बनाए हैं। इसमें एक फिफ्टी शामिल है।
इस बैटर ने हाल ही में एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 69 रन की नाबाद पारी खेली थी। साथ ही भारतीय टीम को एशिया कप चैम्पियन भी बनाया था।

