फॉग की वजह से मैच कैंसिल होने पर थरूर की चुटकी: राजीव शुक्ला से कहा- ठंड में नॉर्थ इंडिया में मैच क्यों रखते; शुक्ला बोले- सारे मैच केरल में नहीं करा सकते
Published:
2 min read

शशि थरूर केरल की सीट तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद हैं। राजीव शुक्ला पॉलिटिशियन होने के साथ BCCI के वाइस प्रेसिडेंट भी हैं।
नेशनल/स्पोर्ट्स डेस्क: बुधवार को इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा टी-20 फॉग यानी कोहरे की वजह से रद्द हो गया। गुरुवार को कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने BCCI के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला के सामने चुटकी ले ली। उन्होंने कहा कि जब आपको पता है कि ठंड में नॉर्थ इंडिया में मौसम सही नहीं रहता, फिर वहां मैच क्यों रखते।
साउथ इंडिया में रखे जाएं मैच
शशि थरूर दरअसल मीडिया से प्रदूषण पर बात कर रहे थे। उन्होंने बुधवार को लखनऊ में रद्द हुए मैच पर कहा- जब बॉल ही नहीं दिखेगी तो खेल कहां से हो पाएगा। इसलिए हम चाहते हैं कि साउथ इंडिया में मैचेस रखे जाएं। वहां प्रदूषण की समस्या नहीं है। मैं इसके लिए राजीव शुक्ला से बात करूंगा।
संयोगवश राजीव शुक्ला वहां से गुजर रहे थे। थरूर ने उन्हें बुलाया और अपनी इच्छा जाहिर की। उन्होंने राजीव शुक्ला से कहा- मैं कह रहा था कि जनवरी में नॉर्थ इंडिया में मैच शेड्यूल करने से बेहतर है कि साउथ इंडिया में करा दीजिए। केरल अच्छा ऑप्शन है।
सारे मैच केरल में नहीं करा सकते
जवाब में राजीव शुक्ला ने कहा- ये तो रोटेशन पर डिपेंड करता है कि मैचेस कहां होंगे। शेड्यूल पहले से ही बना होता है। हां, अब आगे से ध्यान देंगे कि 15 दिसंबर से 15 जनवरी के बीच मैच नॉर्थ इंडिया से इतर कहीं और करा लिए जाएं।
राजीव ने हंसते हुए थरूर से कहा- हालांकि, हम सारे मैच केरल में शिफ्ट नहीं करा पाएंगे।
जाहिर है कि शशि थरूर केरल की सीट तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद हैं। राजीव शुक्ला क्रिकेट एडमिनिस्ट्रेशन में होने के साथ-साथ कांग्रेस के समर्थन से राज्यसभा सांसद हैं। दोनों गुरुवार को संसद सत्र के दौरान एक-दूसरे से टकरा गए।

