हमारी वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी शुरू: ODI स्क्वॉड से 4 हिंट; WC से पहले टीम इंडिया के पास 30 मैच- सिलेक्टर्स का विजन समझिए
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. जून में होने वाली अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। इसके साथ ही BCCI ने वर्ल्ड कप 2027 तैयारी शुरू कर दी है। इसके 4 हिंट भारतीय टीम के सिलेक्शन से ही मिल रहे हैं। आखिर वर्ल्ड कप की तैयारी शुरू हो भी क्यों ना। अब टूर्नामेंट को करीब 17 महीने ही बचे हैं। ऐसे में तैयारी अब शुरू नहीं करेंगे तो कब करेंगे?
इन 17 महीनों में टीम इंडिया को सिर्फ 30 वनडे ही खेलने को मिलेंगे, जिसमें वो अपनी तैयारियों को आजमा सकती है। आइए समझिए वो 4 हिंट और सिलेक्टर्स का विजन…

कोहली-रोहित को फिटनेस और फॉर्म साबित करना होगा
इसमें पहला और सबसे तगड़ा हिंट तो यही है कि भारतीय सिलेक्शन कमेटी ने क्लियर कर दिया है कि वो वर्ल्ड कप 2027 के सिलेक्शन के समय किसी दिग्गज का नाम या अनुभव को ध्यान में नहीं रखेगी। चाहें विराट कोहली हों या रोहित शर्मा, सभी प्लेयर्स को अपनी फिटनेस और फॉर्म साबित करनी होगी। सिलेक्शन कमेटी इन दोनों के साथ समझौता नहीं करेगी।
अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुनी गई वनडे टीम में रोहित को इसी शर्त के साथ लिया गया है। उन्हें सीरीज से पहले फिटनेस साबित करनी होगी। बताना होगा कि वे 50 ओवर फील्डिंग और बैटिंग दोनों करने में सक्षम हैं या नहीं। हालांकि कोहली तो फिटनेस फ्रीक हैं ही। उनके साथ फॉर्म का मसला हो सकता है, लेकिन अभी तो यह भी दिखाई नहीं दे रहा है।

पंड्या 3 साल बाद बाइलेटरल सीरीज खेलेंगे
फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को 3 साल बाद किसी वनडे की बाइलेटरल सीरीज के लिए चुना गया है। इस दौरान वे सिर्फ ICC टूर्नामेंट ही खेलते रहे हैं। उनके साथ पीठ की समस्या रही है। पंड्या को 10 ओवर बॉलिंग करने और लंबी बैटिंग करने में दिक्कत होती रही है।
पंड्या ने आखिरी बार अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर सीरीज खेली थी। अब सिलेक्शन कमेटी ने मूड बना लिया है कि वे पंड्या को धीरे-धीरे ग्रूम करेंगे और वर्ल्ड कप 2027 तक वनडे फॉर्मेट के लायक बना लेंगे। पंड्या ने आखिरी वनडे 9 मार्च 2025 को चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था।

श्रेयस की उपकप्तानी बरकरार
मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर पिछली वनडे सीरीज में चोट के चलते नहीं खेले थे। उससे ठीक पहले की दो बाइलेटरल सीरीज में वे उपकप्तान थे। IPL में उन्होंने लगातार दो सीजन में दमदार कप्तानी करके खुद को बतौर लीडर साबित किया है।
ऐसे में सिलेक्शन कमेटी ने उन पर एक बार फिर भरोसा जताया और वनडे टीम में उपकप्तान बरकरार रखा है। अगले वर्ल्ड कप में 17 महीने ही बचे हैं। ऐसे में सिलेक्शन कमेटी टीम को एकजुट रखना चाहती है। कप्तान शुभमन गिल रहेंगे, यह भी क्लियर है। यदि वे चोटिल होते हैं तो कोई दमदार कप्तान होना चाहिए। सिलेक्शन कमेटी ने यह झलक श्रेयस में देखी और विश्वास कायम रखा है।

4 नए प्लेयर को मौका देकर बैकअप की तैयारी
प्रिंस यादव, पेसर गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और मानव सुथार को पहली बार भारतीय टीम में चुना गया है। इन सभी का घरेलू क्रिकेट और IPL में शानदार प्रदर्शन रहा है। गुरनूर और प्रिंस पेसर हैं। हर्ष और मानव स्पिन ऑलराउंडर हैं।
इन चारों का सिलेक्शन बताता है कि टीम मैनेजमेंट बॉलिंग में मजबूत बैकअप तैयार करना चाहता है। इसके लिए 30 मैच काफी होंगे। वैसे भारतीय वनडे टीम में पेसर के तौर पर जसप्रीत बुमराह के साथ अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा भी हैं। बुमराह को अफगानिस्तान सीरीज में आराम दिया गया है। इनके चोटिल होने या किसी कारण से बाहर होने पर प्रिंस और गुरनूर बेहतर ऑप्शन हो सकते हैं। जबकि फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर पंड्या के साथ नीतीश कुमार रेड्डी को भी प्लान में रखा गया है। इससे टीम का बैलेंस काफी अच्छा होगा और बॉलिंग में कई ऑप्शन भी रहेंगे।
अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।

वर्ल्ड कप से पहले 30 से 33 वनडे मिलेंगे
2026 में 18 मैच
जून 2026, 3 वनडे, अफगानिस्तान
जुलाई 2026, 3 वनडे, इंग्लैंड
सितंबर 2026, 3 वनडे, वेस्टइंडीज
अक्टूबर 2026, 3 वनडे, न्यूजीलैंड
दिसंबर 2026, 3 वनडे, श्रीलंका
2027 में 15 से 18 वनडे हो सकते हैं
- जून से अगस्त के बीच 3 से 4 बाइलेटरल सीरीज खेली जा सकती हैं। इस दौरान 9 से 12 वनडे हो सकते हैं।
- सितंबर की विंडो ODI एशिया कप के लिए रहेगी। यदि भारतीय टीम फाइनल में पहुंचती है, तो वह टूर्नामेंट में कुल 6 वनडे खेलेगी। इसके बाद अक्टूबर-नवंबर में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाएगा।

