4 सितंबर को दुबई पहुंचेगी टीम इंडिया: एशिया कप के लिए अलग-अलग जगह से उड़ान भरेंगे खिलाड़ी; शिक्षक दिवस पर पहला नेट सेशन
Published:
2 min read

एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। (BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर को होगा। फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम 4 सितंबर को दुबई पहुंचेगी। सभी खिलाड़ी अपने-अपने शहर से उड़ान भरेंगे। इससे पहले ऐसा होता था कि सभी प्लेयर मुंबई आते थे। फिर यहां से साथ में जाते थे। इस बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने शहर से भेजने का फैसला किया है।
BCCI के एक सीनियर अधिकारी ने PTI से कहा- “सभी भारतीय प्लेयर्स 4 सितंबर की शाम तक दुबई पहुंच जाएंगे। पहला नेट सेशन 5 सितंंबर (शिक्षक दिवस) को ICC एकेडमी में होगा।”
खिलाड़ियों को मुंबई बुलाकर दुबई भेजना ठीक नहीं
उन्होंने कहा- “खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए, उनको अपने-अपने शहरों से दुबई आने की अनुमति दी गई है। जाहिर सी बात है कुछ प्लेयर्स मुंबई से रवाना होंगे। लेकिन बाकी खिलाड़ियों को पहले मुंबई आने को कहें। फिर यहां से दुबई भेजें। यह बिल्कुल भी ठीक नहीं होगा। वैसे भी बाकी देशों के मुकाबले दुबई की हवाई यात्रा बहुत कम समय की है।”
एशिया कप की टीम में सिलेक्ट हुए कुछ खिलाड़ी इस समय घरेलू टूर्नामेंट दिलीप ट्रॉफी खेल रहे हैं। अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा नॉर्थ जोन की टीम से क्वार्टरफाइनल खेल रहे हैं। जबकि कुलदीप यादव सेंट्रल जोन की टीम से खेल रहे हैं।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

