टी20 वर्ल्ड कप से पहले सिर्फ 10 मैच: अफ्रीका-न्यूजीलैंड से टक्कर, टीम इंडिया 8 महीने घर में ही खेलेगी; देखें शेड्यूल
Published:
3 min read

भारतीय टी20 टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं। उन्होंने सितंबर में एशिया कप 2025 खिताब जिताया है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के बाद भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में 5 टी20 की सीरीज में 2-1 से हराया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी में जुट गई है। वर्ल्ड कप से पहले टीम को साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 घरेलू सीरीज खेलनी हैं।
इस दौरान 10 टी20 होने हैं। ऐसे में टीम के पास वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए ज्यादा मौके नहीं हैं। हालांकि भारतीय टीम ने एशिया कप और ऑस्ट्रेलिया सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। उसे अब अपनी कमजोरी आंकने के लिए 10 टी20 काफी होंगे।
टी20 वर्ल्ड कप से पहले दो सीरीज होनी हैं
भारतीय टीम अगले 8 महीने घर में ही मैच खेलेगी। इस दौरान अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज होगी। फिर भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप होगा। इसके ठीक बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन खेला जाएगा। इन सबके बाद भारतीय टीम जुलाई 2026 में इंग्लैंड दौरे पर जाएगी।
टीम इंडिया को अब अगली टी20 सीरीज साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलनी है। दोनों टीमों के बीच 14 नवंबर से 19 दिसंबर तक कुल 10 इंटरनेशनल मैच होंगे। इस दौरान 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी20 की सीरीज खेली जाएगी।
7 फरवरी से शुरू होगा वर्ल्ड कप
इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आएगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच 11 से 31 जनवरी 2026 तक तीन वनडे और 5 टी20 की सीरीज होनी है। इसके ठीक बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेला जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी।
इसका फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होगा। यदि पाकिस्तानी टीम फाइनल में पहुंचती है तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो शिफ्ट होगा।
8 वेन्यू पर होंगे वर्ल्ड कप के सभी मैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सभी मुकाबले 8 वेन्यू पर होंगे। इसमें इंडिया के 5 और श्रीलंका के 3 वेन्यू रहेंगे। भारत में वर्ल्ड कप के सभी मैच मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता और अहमदाबाद में होंगे। जबकि श्रीलंका में होने वाले मैच कोलंबो और पल्लेकेले के अलावा दाम्बुला/हम्बनटोटा में होंगे। तीसरा वेन्यू दाम्बुला और हम्बनटोटा में से कोई एक होगा।
साउथ अफ्रीका सीरीज का शेड्यूल
टेस्ट सीरीज:
पहला मैच: 14 से 18 नवंबर, कोलकाता
दूसरा मैच: 22 से 26 नवंबर, गुवाहाटी
वनडे सीरीज:
पहला मैच: 30 नवंबर, रांची
दूसरा मैच: 03 दिसंबर, रायपुर
तीसरा मैच: 06 दिसंबर, विशाखापत्तनम
टी20 सीरीज:
पहला मैच: 09 दिसंबर, कटक
दूसरा मैच: 11 दिसंबर, चंडीगढ़
तीसरा मैच: 14 दिसंबर, धर्मशाला
चौथा मैच: 17 दिसंबर, लखनऊ
पांचवां मैच: 19 दिसंबर, अहमदाबाद
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज (2026 में)
वनडे सीरीज:
पहला मैच: 11 जनवरी, वडोदरा
दूसरा मैच: 14 जनवरी, राजकोट
तीसरा मैच: 18 जनवरी, इंदौर
टी20 सीरीज:
पहला मैच: 21 जनवरी, नागपुर
दूसरा मैच: 23 जनवरी, रायपुर
तीसरा मैच: 25 जनवरी, गुवाहाटी
चौथा मैच: 28 जनवरी, विशाखापत्तनम
पांचवां मैच: 31 जनवरी, तिरुवनन्ंतपुरम

