एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान 19 अगस्त को: रिपोर्ट- गिल, अय्यर और यशस्वी को मौका नहीं, संजू-अभिषेक ओपन करेंगे
Published:
3 min read

टी20 इंटरनेशनल में शुभमन गिल ने 21 मैच, संजू सैमसन ने 42 और सूर्यकुमार यादव ने 83 मैच खेले हैं। (फाइल)
एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर को होना है। टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का ऐलान 19 अगस्त को हो सकता है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए टीम का ऐलान कर सकते हैं। टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर को लेकर भी खुलासा किया गया है।
इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, गिल-यशस्वी और श्रेयस का एशिया कप के लिए सिलेक्शन होना मुश्किल है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सूत्र ने कहा कि गिल की जगह बन पाना मुश्किल है, क्योंकि सिलेक्टर्स ओपनिंग में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को ही पसंद कर रहे हैं।
गिल को अभी टी20 टीम कप्तानी नहीं दी जाएगी
यशस्वी जायसवाल को टेस्ट क्रिकेट पर फोकस रखने के लिए कहा गया है। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था। श्रेयस अय्यर को भी टी20 टीम से बाहर रखा जा सकता है।
शुभमन गिल को टी20 टीम की कप्तानी अभी नहीं दी जाएगी। टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग शुरू कर दी है। वे एशिया कप तक पूरी तरह फिट होंगे।
एशिया कप के 4 दिन बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज का आगाज होगा। यदि टीम इंडिया एशिया कप के फाइनल में पहुंची तो गिल के लिए वर्कलोड बढ़ जाएगा। ऐसे में BCCI गिल को लेकर रिस्क नहीं लेना चाहेगा।

पंत चोट के कारण 6 महीने के लिए बाहर
वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते ही तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी एशिया कप से आराम दिया जा सकता है। केएल राहुल भी सिलेक्शन कमेटी की लिस्ट में नहीं होंगे। विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत पहले ही चोट के कारण 6 महीने के लिए मैदान से बाहर हैं। ऐसे में एशिया कप के लिए भारतीय स्क्वॉड को लेकर काफी सस्पेंस रहने वाले हैं।
इस तरह हो सकती है 15 सदस्यीय भारतीय टीम
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल/साई सुदर्शन, श्रेयस अय्यर/नीतीश रेड्डी, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन/जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई/वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और मोहम्मद सिराज/प्रसिद्ध कृष्णा।

14 सितंबर को पाकिस्तान से मुकाबला
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।

