एशिया कप में गिल-संजू के सिलेक्शन पर सस्पेंस: पंत-बुमराह का बाहर होना तय, ईशान की वापसी संभव; जानिए संभावित स्क्वॉड
Published:
4 min read

शुभमन गिल ने 21, संजू सैमसन ने 42 और सूर्यकुमार यादव ने 83 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। (फाइल)
सितंबर में होने वाले एशिया कप के लिए अगले 2 हफ्ते में भारतीय टीम का ऐलान हो सकता है। इस बीच कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शुभमन गिल को टी20 फॉर्मेट में उपकप्तान बनाया जा सकता है। यानी एशिया कप में उनकी एंट्री पक्की है। कुछ अन्य मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि एशिया कप के 4 दिन बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज का आगाज होगा।
ऐसे में यदि टीम इंडिया एशिया कप के फाइनल में पहुंची तो गिल के लिए वर्कलोड बढ़ जाएगा। ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) गिल को लेकर रिस्क नहीं लेना चाहेगा।
पंत चोट के कारण 6 महीने के लिए बाहर
वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते ही तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी एशिया कप से आराम दिया जा सकता है। केएल राहुल भी सिलेक्शन कमेटी की लिस्ट में नहीं होंगे। विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत पहले ही चोट के कारण 6 महीने के लिए मैदान से बाहर हैं।
ऐसे में एशिया कप के लिए भारतीय स्क्वॉड को लेकर काफी सस्पेंस रहने वाले हैं। ओपनिंग में अभिषेक शर्मा की जगह पक्की है। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन या संजू सैमसन ओपनिंग में आ सकते हैं। यदि गिल को जगह मिलती है, तो वे नंबर-3 पर मोर्चा संभाल सकते हैं।
मिडिल ऑर्डर में श्रेयस, सूर्या और पंड्या
वरना इस नंबर के लिए संजू सैमसन भी दावेदार हैं। मामला ये भी है कि संजू की जगह भी स्क्वॉड में पक्की नहीं दिख रही है। उनका पिछला प्रदर्शन ठीक नहीं रहा था। रिपोर्ट्स की मानें तो संजू का सिलेक्शन पूरी तरह से कोच गौतम गंभीर की हां पर भी टिक सकता है।
मिडिल ऑर्डर के लिए भी दावेदारी काफी ज्यादा हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर, खुद कप्तान सूर्यकुमार यादव, ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या मोर्चा संभाल सकते हैं। इसके बाद बतौर ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के अलावा नीतीश रेड्डी या शिवम दुबे को जिम्मेदारी मिल सकती है।
संजू-ईशान और जितेश में से 2 ही विकेटकीपर
बतौर स्पेशलिस्ट स्पिनर रवि बिश्नोई या वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया जा सकता है। स्क्वॉड में स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी शामिल हो सकते हैं। विकेटकीपर के लिए संजू, ईशान किशन और जितेश शर्मा में से कोई 2 ही आ सकते हैं।
फास्ट बॉलिंग डिपार्टमेंट में अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा के साथ मोहम्मद सिराज या प्रसिद्ध कृष्णा को जगह मिल सकती है। वेस्टइंडीज सीरीज को देखते हुए सिराज को आराम दिया जा सकता है। मोहम्मद शमी के साथ भी यही हो सकता है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बुमराह, शमी और सिराज तीनों एक साथ आ सकते हैं।
इस तरह हो सकती है 15 सदस्यीय भारतीय टीम
बैटर
अभिषेक शर्मा, यशस्वी जायसवाल/शुभमन गिल/साई सुदर्शन, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा।
विकेटकीपर
संजू सैमसन, ईशान किशन/जितेश शर्मा।
ऑलराउंडर
हार्दिक पंड्या, नीतीश रेड्डी/शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल।
स्पिनर
रवि बिश्नोई/वरुण चक्रवर्ती।
फास्ट बॉलर
अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और मोहम्मद सिराज/प्रसिद्ध कृष्णा।
14 सितंबर को पाकिस्तान से मुकाबला
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
टीम इंडिया अपने शुरुआती दो मैच दुबई में खेलेगी। ग्रुप स्टेज में इंडिया का तीसरा और आखिरी मैच 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ अबु धाबी में होगा। एशिया कप टी20 फॉर्मेट में होगा।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज
एशिया कप के बाद भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है। पहला टेस्ट 2 अक्टूबर से अहमदाबाद में और दूसरा टेस्ट 10 अक्टूबर से दिल्ली में होगा। इसके बाद टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 वनडे और 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है।


