इंडिया Vs इंग्लैंड मैनचेस्टर टेस्ट-1089: भारतीय प्लेइंग-11 में हो सकते हैं 2 बदलाव; नीतीश की जगह सुदर्शन, अंशुल का हो सकता है डेब्यू
Published: Updated:
3 min read

साई सुदर्शन और अंशुल कम्बोज की चौथे टेस्ट में एंट्री हो सकती है। अंशुल तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में नाबाद फिफ्टी भी लगाई है। (Instagram)
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ चौथा टेस्ट खेलना है। पांच टेस्ट की सीरीज का यह मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में होगा। इस मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में दो बड़े बदलाव हो सकते हैं। भारतीय ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।
जबकि तेज गेंदबाज आकाश दीप भी पूरी तरह फिट नहीं हैं। ऐसे में यही दो बदलाव होना तय है। नीतीश की जगह टॉप ऑर्डर बल्लेबाज साई सुदर्शन आ सकते हैं।
बैटिंग में भी ताकत देेते हैं अंशुल
आकाश दीप की जगह अंशुल कम्बोज को मौका मिल सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह अंशुल का इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू मैच होगा। अंशुल ऑलराउंडर हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में नाबाद फिफ्टी भी लगाई है। 24 मैच में उन्होंने 486 रन बनाए हैं। इस दौरान 22 छक्के और 58 चौके लगाए।
साई सुदर्शन चौथे टेस्ट में पांचवें नंबर पर बैटिंग कर सकते हैं, क्योंकि नंबर-3 पर इस समय करुण नायर आ रहे हैं। यह भी हो सकता है कि करुण मीडिल ऑर्डर में और सुदर्शन नंबर-3 पर आ सकते हैं। स्पिन डिपार्टमेंट एक बार फिर रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के पास ही रह सकता है।
जसप्रीत बुमराह भी यह टेस्ट खेलेंगे। उनके साथ दूसरे पेसर मोहम्मद सिराज और अंशुल हो सकते हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी पूरी तरह फिट हो गए हैं। ऐसे में वह भी इस मैनचेस्टर टेस्ट में खेलते नजर आ सकते हैं।
इंग्लैंड की प्लेइंग-11 में एक बदलाव
दूसरी ओर इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 पहले ही जारी कर दी है। इसमें एक बड़ा बदलाव हुआ है। चोटिल स्पिनर शोएब बशीर सीरीज से बाहर हुए हैं। उनकी जगह स्पिनर लियाम डॉसन को प्लेइंग-11 में जगह मिली है।
डॉसन की 8 साल बाद टेस्ट टीम में वापसी हो रही है। 35 साल के इस स्पिनर ने आखिरी टेस्ट जुलाई 2017 में खेला था। ऑलराउंडर डॉसन ने अब तक 3 टेस्ट में 7 और 6 वनडे में 5 विकेट लिए हैं। इसके अलावा 14 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 11 विकेट लिए। उन्होंने टेस्ट में एक नाबाद फिफ्टी भी लगाई है।
इंग्लैंड टीम सीरीज में 2-1 से आगे
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच एंडरसन-सचिन ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। शुरुआती 3 टेस्ट के बाद इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है।
सीरीज का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीता था। जबकि दूसरा टेस्ट भारतीय टीम ने 336 रन से अपने नाम किया था। तीसरा मैच 10 जुलाई से हुआ था, जिसके आखिरी दिन रोमांचक अंदाज में इंग्लैंड ने 22 रन से जीत दर्ज की।
चौथे टेस्ट में भारत की संभावित प्लेइंग-11
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, करुण नायर, शुभमन गिल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप/अंशुल कम्बोज, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
मैनचेस्टर टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग-11
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ऑली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), लियाम डॉसन, क्रिस वॉक्स, ब्रायडन कार्स और जोफ्रा आर्चर।

