बगैर जर्सी स्पॉन्सर के उतर सकती है टीम इंडिया: एशिया कप के बाद आएगा नया स्पॉन्सर, वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक होगा कॉन्ट्रैक्ट
Published:
3 min read

इस बार एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। (PTI)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 से पहले टीम इंडिया को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में बगैर जर्सी स्पॉन्सर के उतरेगी। यह दावा इंडिया टुडे ने अपनी रिपोर्ट में किया है। इसमें बताया गया है कि एशिया कप के बाद नए स्पॉन्सर की तलाश होगी, जिसके साथ वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक कॉन्ट्रैक्ट किया जाएगा।
एशिया कप इस बार 9 सितंबर से शुरू होगा, जो 28 सितंबर तक चलेगा। टूर्नामेंट के लिए अभी ज्यादा समय नहीं बचा है। इतने कम समय में नए जर्सी स्पॉन्सर के लिए टेंडर निकालना और कॉन्ट्रैक्ट करना मुमकिन नहीं है।
इस नए बिल के पास होते ही हुए बदलाव
इससे पहले तक फैंटेसी स्पोर्ट्स कंपनी ड्रीम11 ही जर्सी स्पॉन्सर थी। कंपनी ने BCCI के साथ 3 साल के लिए 358 करोड़ रुपए में ये करार किया था। मगर लोकसभा और राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल के पास होने के बाद कंपनी को तगड़ा झटका लगा।
बिल पास होने के बाद ड्रीम11 कंपनी ने देश में अपने सभी रियल मनी बेस्ड गेम्स बंद करने का ऐलान किया है। इसी कारण उसे टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप भी छोड़नी पड़ी।
BCCI की इमरजेंसी मीटिंग में हुई चर्चा
BCCI के इंटरिम प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार (28 अगस्त) को अपेक्स काउंसिल की इमरजेंसी मीटिंग हुई। इस दौरान नए जर्सी स्पॉन्सर को लेकर चर्चा हुई। भारतीय क्रिकेट बोर्ड को अब भी उम्मीद है कि इसे काम को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि एशिया कप से पहले एडवर्टाइजमेंट देना और प्रोसेस पूरी करने के लिए समय नहीं है। ऐसे में टूर्नामेंट से पहले नया स्पॉन्सर ढूंढना बेहद मुश्किल होगा।
BCCI के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने सोमवार (25 अगस्त) को कहा था कि कंपनी का ये फैसला लोकसभा और राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल के पास होने के बाद आया है। अब BCCI भविष्य में ऐसे किसी भी ऑर्गेनाइजेशन को शामिल नहीं करेगा। जल्द ही नए स्पॉन्सर के लिए टेंडर निकालेंगे।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

