टीम इंडिया को मिला नया जर्सी स्पॉन्सर: अपोलो टायर्स के साथ 2027 वर्ल्ड कप तक कॉन्ट्रैक्ट, हर एक मैच के लिए 4.5 करोड़ रुपए की डील
Published: Updated:
3 min read

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय एशिया कप 2025 खेल रही है। (BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के बीच भारतीय क्रिकेट टीम को नया जर्सी स्पॉन्सर मिल गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपोलो टायर्स कंपनी के साथ यह डील वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक के लिए की है। अपोलो टायर्स हर एक मैच के लिए BCCI को 4.5 करोड़ रुपए देगा।
एशिया कप से पहले ड्रीम-11 से डील खत्म हुई थी
इससे पहले टीम इंडिया का जर्सी स्पॉन्सर ड्रीम-11 था। वह एक मैच के लिए 4 करोड़ रुपए देती थी। उसे बीच में ही कॉन्ट्रैक्ट छोड़ना पड़ गया था।
दरअसल, लोकसभा और राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल के पास होने के बाद ड्रीम11 को तगड़ा झटका लगा। बिल पास होने के बाद कंपनी ने देश में अपने सभी रियल मनी बेस्ड गेम्स बंद करने का ऐलान किया है। इसी कारण उसे टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप भी छोड़नी पड़ी।
121 बाइलेटरल और 21 ICC मैच के लिए डील
नए जर्सी स्पॉन्सर के लिए तीन कंपनियां रेस में थीं। ऐसे में अपोलो टायर्स ने 579 करोड़ की सबसे बड़ी बोली लगाकर स्पॉन्सरशिप हासिल की। इस रेस में शामिल केनवा ने 544 करोड़ और जेके सीमेंट ने 477 करोड़ की बोली लगाई थी।
अपोलो टायर्स के साथ यह कॉन्ट्रैक्ट अगले 3 साल के लिए होगा। इस दौरान 121 बाइलेटरल मैच और 21 ICC मुकाबले होने हैं। गुरुग्राम बेस्ट यह अपोलो टायर्स कंंपनी 100 देशों में बिजनेस करती है।
बगैर जर्सी स्पॉन्सर के एशिया कप खेल रही टीम इंडिया
फिलहाल, टीम इंडिया एशिया कप 2025 में बगैर जर्सी स्पॉन्सर के उतरी है। उसने अपने शुरुआती दो मैच जीतकर सुपर-4 राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है। एशिया कप का फाइनल 28 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। एशिया कप में टीम इंडिया बगैर जर्सी स्पॉन्सर के ही खेलेगी।
महिला वर्ल्ड कप में स्पॉन्सर के साथ उतर सकती है टीम
भारतीय महिला टीम भी इस समय ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के साथ घरेलू वनडे सीरीज खेल रही है। इस सीरीज में भी महिला टीम बगैर जर्सी स्पॉन्सर के ही खेल रही है।
30 सितंबर से महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 होना है। पहला मैच टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच गुवाहाटी में खेला जाएगा। अपोलो टायर्स का नया कॉन्ट्रैक्ट इसी वर्ल्ड कप से शुरू हो सकता है। वर्ल्ड कप में महिला टीम नए स्पॉन्सर के साथ मैदान में उतर सकती है। हालांकि अभी यह सिर्फ मीडिया रिपोर्ट्स में ही दावा किया जा रहा है।

