ड्रीम-11 हटने के बाद नई जर्सी में टीम इंडिया: एशिया कप से पहले दुबई में नेट प्रैक्टिस शुरू; पहला मैच 10 सितंबर को UAE से
Published:
3 min read

एशिया कप के लिए दुबई पहुंची टीम इंडिया ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है। टीम को पहला मैच 10 सितंबर को UAE से खेलना है। (BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम 4 सितंबर को ही दुबई पहुंच गई। टीम ने अगले दिन से प्रैक्टिस भी शुरू कर दी। इसी दौरान भारतीय टीम नई जर्सी में नजर आई है। बतौर स्पॉन्सर ड्रीम-11 के हटने के बाद टीम इंडिया पहली बार नई जर्सी में दिखी है।
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा।
एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
कुछ ऐसी है टीम की नई जर्सी
हार्दिक पंड्या ने अपना हेयरस्टाइल चेंज किया है। विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन ने नेट्स में करीब 30 मिनट तक बैटिंग की। पहला जहां बड़े-बड़े अक्षरों में ड्रीम-11 लिखा होता था। अब उसकी जगह नई जर्सी में INDIA लिखा है। इस नई जर्सी में भारतीय प्लेयर्स के फोटो और वीडियो BCCI और ब्रॉडकास्टर्स ने शेयर किए हैं।
भारतीय प्लेयर्स अलग-अलग शहरों से दुबई पहुंचे
दुबई जाते समय हेड कोच गौतम गंभीर, कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आए थे। इनके अलावा रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा, हर्षित राणा और कुलदीप याद भी दुबई पहुंच गए हैं। इस बार सभी भारतीय प्लेयर्स ने अपने-अपने शहर से दुबई के लिए उड़ान भरी थी।
इससे पहले भारतीय प्लेयर्स मुंबई में इकट्ठा होते थे। फिर यहां से एक साथ उड़ान भरते थे। इस बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने प्लेयर्स की सहूलियत के लिए अलग-अलग शहर से रवाना होने का फैसला लिया।
टीम के साथ दुबई नहीं गए स्टैंडबाई प्लेयर्स
अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा बेंगलुरु में दिलीप ट्रॉफी का मैच खेल रहे थे। कुलदीप यादव भी एक मैच के लिए यहीं पर थे। ऐसे में तीनों ने बेंगलुरु से ही दुबई की फ्लाइट ली। उपकप्तान शुभमन गिल समेत सभी प्लेयर्स 4 सितंबर की शाम को ही दुबई पहुंच गए।
स्टैंडबाई प्लेयर्स यशस्वी जायसवाल, प्रसिद्ध कृष्णा, वॉशिंगटन सुंदर, रियान पराग और ध्रुव जुरेल दुबई नहीं गए। हाल ही में सूत्रों के हवाले से पता चला था कि यह पांचों प्लेयर्स भारत में ही रहेंगे। जरूरत पड़ने पर इन्हें दुबई बुलाया जाएगा।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

