बुमराह-सिराज को थकान: नीतीश-आकाश, अर्शदीप चोटिल; कोच मोर्केल बोले- IPL के ठीक बाद 5 टेस्ट की सीरीज खेलना आसान नहीं
Published: Updated:
3 min read

मोहम्मद सिराज और बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल। सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में अब तक 7 पारियों में 14 विकेट लिए हैं। (BCCI)
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट की सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर में ड्रॉ खेला गया। यहां तक आते-आते स्क्वॉड में शामिल 6 खिलाड़ी चोटिल हो चुके हैं। इसके लिए भारतीय टीम को बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने इशारों में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और टाइट शेड्यूल को जिम्मेदार ठहराया है।
मोर्केल ने कहा कि IPL के इतने लंबे टूर्नामेंट के ठीक बाद 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलना बेहद मुश्किल है। इसका असर खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी पड़ता है। मोर्केल ने कहा कि हमें 5 टेस्ट की सीरीज खेलने लायक गेंदबाजों की एक स्ट्रेंथ तैयार करनी होगी।
नीतीश रेड्डी हुए सीरीज से बाहर
बता दें कि IPL 2025 का फाइनल 3 जून को खत्म हुआ था। इसके 17 दिन बाद ही इंग्लैंड के खिलाफ यह टेस्ट सीरीज शुरू हुई। पहला मैच 20 जून से खेला गया था। अब सीरीज के 4 टेस्ट हो चुके और नीतीश रेड्डी चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।
आकाश दीप और अर्शदीप सिंह की फिटनेस भी ठीक नहीं है। आकाश को चौथे टेस्ट से बाहर रहना पड़ा। अर्शदीप तो सीरीज में कोई मैच ही नहीं खेल सके। चौथे टेस्ट में मोहम्मद सिराज भी थके नजर आए। उनके बाएं पैर में चोट लगी। इसके बावजूद वे गेंदबाजी कर रहे।
Castled! 🔥
— BCCI (@BCCI) July 26, 2025
Jasprit Bumrah with the first wicket of the day 😎
Liam Dawson departs and England are 8⃣ down
Updates ▶️ https://t.co/L1EVgGu4SI#TeamIndia | #ENGvIND | @Jaspritbumrah93 pic.twitter.com/W38oB87jpa
चौथे टेस्ट में बुमराह-सिराज लय में नहीं दिखे
वर्कलोड मैनेज के चलते बुमराह को चौथा टेस्ट नहीं खेलना था, मगर उन्हें खिलाया गया। इस मैच में उनकी गेंदबाजी में स्पीड नहीं दिखी। वे 125 से 135 kmph की रफ्तार से गेंदबाजी करते दिखे। उन्होंने एक ही बार 140 से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी की। पहली पारी में सिराज और बुमराह लय में नहीं दिखे।
चोटिल होने वाले छठे प्लेयर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत हैं। हालांकि वे बैटिंग के दौरान पैर के पंजे में बॉल लगने से चोटिल हुए। इस कारण पंत अब सीरीज से बाहर हो गए। उनकी जगह एन जगदीसन को शामिल किया गया।
प्लेयर्स को तैयार करना एक समस्या
इन सभी को लेकर मैनचेस्टर टेस्ट में तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद मोर्केल ने कहा- "यही रियल टेस्ट (परीक्षा) है। हमने 2 या 3 टेस्ट की सीरीज तो कई बार खेली हैं। मगर यह 5 टेस्ट की सीरीज है। यह कोई बहानेबाजी नहीं है, लेकिन कंडीशनिंग के लिहाज से IPL के ठीक बाद 5 टेस्ट की सीरीज के लिए प्लेयर्स को तैयार करना एक समस्या हो सकती है।"
उन्होंने कहा- “खिलाड़ियों को रिकवरी के लिए आराम देने और बॉलिंग की जिम्मेदारी देने के बीच सही से बैलेंस बनाना होगा। यही कारण है कि हमें भविष्य के लिए 5-6 गेंदबाजों का एक सॉलिड कोर बनाना होगा, जिन्हें समय-समय पर रोटेट कर सकें। इस तरह यह खिलाड़ी फ्रेश मूड के साथ टीम में आ सकते हैं और शानदार परफॉर्मेंस दें।”

