2027 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया की टेंशन बढ़ी: खिलाड़ियों के बार-बार चोटिल होने से प्लान बिगड़ा, कप्तान गिल बोले- हर मैच में प्लेइंग-11 बदलनी पड़ रही
Published:
4 min read

इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज में शुभमन गिल ने 188 रन बनाए। (फोटो सोर्स: सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही टीम इंडिया इस समय खिलाड़ियों की चोट से सबसे ज्यादा परेशान है। कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि हर मैच में कोई न कोई खिलाड़ी इंजर्ड हो जाता है, जिससे टीम अपनी पसंद की प्लेइंग इलेवन नहीं उतार पा रही है।
टीम इंडिया लगातार अपनी तैयारियों में लगी है। नए खिलाड़ियों को मौका दिया जा रहा है और अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमाए जा रहे हैं। लेकिन सबसे बड़ी परेशानी खिलाड़ियों का लगातार चोटिल होना है। इसी वजह से टीम अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग इलेवन के साथ नहीं खेल पा रही।
पांच प्लेयर आखिरी मैच तक टीम में नहीं थे
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में तीसरा वनडे हारने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने मैच के बाद कहा- परेशानी इस बात की है कि हर मैच में कोई न कोई खिलाड़ी चोटिल हो रहा है और टीम का पूरा प्लान बदलना पड़ रहा है।
सीरीज की शुरुआत में जिस टीम का ऐलान हुआ था, उसमें से कम से कम पांच खिलाड़ी आखिरी मैच तक उपलब्ध नहीं रहे। एक खिलाड़ी चोटिल हो जाए तो उसकी जगह दूसरे को खिलाया जा सकता है, लेकिन हर मैच में खिलाड़ी बदलने से टीम की तैयारी पर असर पड़ता है।
गिल ने आगे कहा- वर्ल्ड कप जीतने के लिए भारतीय टीम को लगातार 11 मैच खेलने पड़ सकते हैं। जबकि अभी हाल यह है कि खिलाड़ी दो या तीन मैच की सीरीज भी पूरी नहीं खेल पा रहे हैं। ऐसे में सही टीम तैयार करना मुश्किल हो जाता है। कई बार मैच वाले दिन सुबह पता चलता है कि कोई खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं है। ऐसे में फैसला लेना आसान नहीं होता कि उसे खिलाया जाए या उसकी जगह किसी और को मौका दिया जाए। अगर मैच के बीच में कोई खिलाड़ी बाहर हो जाए तो पूरी टीम पर उसका असर पड़ता है।

फिलहाल हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा बेंगलुरु में इलाज और फिटनेस पर काम कर रहे हैं। वॉशिंगटन सुंदर भी जल्द उनके साथ जुड़ सकते हैं। अच्छी खबर यह है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। अब टीम इंडिया की कोशिश यही होगी कि वर्ल्ड कप से पहले सभी अहम खिलाड़ी पूरी तरह फिट रहें।

हार्दिक मार्च 2025 के बाद वनडे नहीं खेल पाए
फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर की बात करें तो चोटिल हार्दिक पंड्या और नीतीश कुमार रेड्डी इस समय बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के लिए हैं। नीतीश को अफगानिस्तान सीरीज में इंजरी हुई थी, जबकि हार्दिक मार्च 2025 के बाद से टीम इंडिया के लिए कोई वनडे नहीं खेल पाए हैं।
युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी पिछले 6 महीनों में दो बार इंजर्ड हो चुके हैं। टीम उन्हें फ्यूचर के लिए तैयार कर रही है, लेकिन चोट की वजह से उन्हें लगातार मौके नहीं मिल पाए। जसप्रीत बुमराह भी इंग्लैंड सीरीज में सिर्फ दो वनडे खेल पाए। आखिरी मैच से पहले वह भी इंजरी की वजह से बाहर हो गए। इसके बाद टीम को युवा गेंदबाज गुरनूर बरार और प्रिंस यादव के साथ उतरना पड़ा।

वरुण-सुंदर भी इंजर्ड हुए
स्पिन गेंदबाजी में भी दिक्कत कम नहीं है। वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई। वहीं वरुण चक्रवर्ती भी पहले पैर की हड्डी में हल्की दरार और फिर हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टीम से बाहर हो गए।

