गौतम गंभीर को लड़ाई नहीं करनी चाहिए: आकाश चोपड़ा की सलाह- शब्दों में थोड़ी नरमी रखें
Published: Updated:
3 min read

पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को गुस्से पर कंट्रोल करने की सलाह दी है। (X/@cricketaakash)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को तीन ODI की सीरीज में 2-1 से मात दी है। सीरीज जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने आलोचकों को जवाब दिया था। साथ ही बगैर नाम लिए एक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टीम के मालिक पर निशाना साधा था। इसको लेकर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने गंभीर को अपने गुस्से पर कंट्रोल और शब्दों में थोड़ी नरमी रखने की सलाह दी है।
“शब्दों में थोड़ी नरमी रखें गंभीर”
पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- ‘गौतम गंभीर दिल से बोलते हैं, लेकिन जब वह प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसी बातें कहते हैं तो लोग उनके फेल होने का इंतजार करने लगते हैं। मुझे लगता है उन्हें लड़ाई नहीं करनी चाहिए। आपको किसी को खुश नहीं करना। बस फाइट मत करो।’
इसके अलावा आकाश ने गंभीर के बयान को सही बताते हुए कहा- ‘कोलकाता टेस्ट में शुभमन गिल नहीं थे। अगर वो होते तो कम से कम 30 रन बना सकते थे। मैच 30 रन से गया था।’
बता दें कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का पहला टेस्ट कोलकाता में खेला गया था। इसमें टीम इंडिया को 30 रनों से हार मिली थी। 124 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम सिर्फ 93 रनों पर ऑल आउट हो गई थी। इसी मैच की पहली पारी में गिल को गर्दन में चोट लगी थी और वे पहली पारी में 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए थे। दूसरी पारी में भी बैटिंग करने नहीं आए थे।
यह भी पढ़ें: विदेशी खिलाड़ियों पर भड़के गावस्कर: कहा- IPL की इज्जत नहीं करते तो मत खेलो, घर पर ही रहो
IPL टीम ओनर पर टिप्पणी गलत
आकाश ने कहा- ‘उन्होंने (गंभीर) कहा कि बिना एक्सपर्टीज के किसी को बात नहीं करनी चाहिए। ये बात मुझे थोड़ी गलत लगी। हालांकि इसके पीछे कोई पर्सनल एंगल भी हो सकता है।’
दरअसल, IPL टीम दिल्ली कैपिटल्स (DC) के को-ओनर पार्थ जिंदल ने स्प्लिट कोचिंग की बात कही थी। गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बगैर नाम लिए इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा था कि टेस्ट में हार के बाद कई लोगों ने पर्सनल कमेंट किए थे। हर किसी को अपने दायरे में रहकर बात करनी चाहिए।
गंभीर ने जुलाई 2024 में हेड कोच पद संभाला था
गंभीर ने जुलाई 2024 में भारतीय टीम के हेड कोच बने थे। उन्होंने राहुल द्रविड़ की जगह ली। गंभीर ने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से शुरुआत की थी। उनका कार्यकाल 2027 वर्ल्ड कप तक रहेगा।

