टीम इंडिया का ग्रैंड वेलकम: सूर्या, हार्दिक मुंबई पहुंचे, फाइनल के हीरो तिलक को हैदराबाद पर फैन्स ने घेरा
Published:
2 min read

एशिया कप जीतने के बाद टीम इंडिया भारत लौट चुकी है। सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या सोमवार रात दुबई से मुंबई लौटे। दोनों का मुंबई एयरपोर्ट पर शानदार स्वागत हुआ।(फोटो सोर्स:सोशल मिडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप जीतने के बाद टीम इंडिया भारत लौट चुकी है। सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या सोमवार रात दुबई से मुंबई लौटे। दोनों का मुंबई एयरपोर्ट पर शानदार स्वागत हुआ। फैन्स ने अपने हीरोज के सामने जीत का जश्न मनाया।
वहीं, फाइनल के हीरो तिलक वर्मा अपने होमटाउन हैदराबाद पहुंचे। उनका भी एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। तिलक ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में नाबाद 69 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसकी वजह से टीम इंडिया मुश्किल से उबर सकी और उसने 9वीं बार एशिया कप का खिताब जीता।
सूर्या और हार्दिक का फूलों से स्वागत
सूर्या और हार्दिक जैसे ही मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे, वहां मौजूद फैन्स ने नारों और फूलों से उनका स्वागत किया। इसके बाद टीम इंडिया के कप्तान जब अपने घर देवनार पहुंचे, तो वहां भी फेस्टिवल जैसा माहौल देखने मिला। शिवसेना नेता और पूर्व सांसद राहुल रमेश शेट्टीवाले ने सोसायटी मेंबर्स के साथ सूर्या का स्वागत किया। उन्हें शॉल, माला और तिरंगा भेंट किया।
विजय ‘तिलक’ के लिए दीवानगी
फाइनल की जीत के हीरो तिलक वर्मा जब अपने शहर लौटे तो एयरपोर्ट पर फैन्स ने उन्हें घेर लिया। जैसे ही वह कार में बैठे, फैन्स ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। चारों तरफ तिलक-तिलक की आवाज सुनाई दे रही थी। तिलक ने भी फैन्स के प्यार को दिल से स्वीकार किया। वो कार की सनरूफ से बाहर आए और हाथ हिलाकर लोगों का शुक्रिया अदा किया। तेलंगाना स्पोर्ट्स अथॉरिटी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर ने भी तिलक का वेलकम किया।
तिलक के बड़े भाई तरुण वर्मा ने एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा- तिलक ने बहुत अच्छा खेला। फाइनल में इस तरह खेलना बहुत मुश्किल होता है। जब वह बल्लेबाजी कर रहा था, तब हमें गर्व महसूस हो रहा था। थोड़ा दबाव भी था, लेकिन उसने कहा था कि मैं जीत के लौटूंगा। उस पर बहुत गर्व है।

