आजादी के बाद बदली भारतीय क्रिकेट टीम: तीन महीने बाद खेला पहला टेस्ट, 4 खिलाड़ियों ने किया डेब्यू, जानिए कैसा था रिजल्ट
Published:
3 min read

पाकिस्तान से अलग होने और 15 अगस्त 1947 को आजादी मिलने के बाद भारतीय क्रिकेट ने अपनी पहली सीरीज ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेली थी। (फाइल फोटो)
भारत की आजादी को 78 साल हो गए हैं। 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ था। हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय टीम 1932 में डेब्यू किया था। पाकिस्तान के अलग होने के बाद टीम इंडिया एक बड़े बदलाव के साथ मैदान में उतरी। उसने आजादी के तीन महीने बाद ही अपना पहला टेस्ट खेला, जिसमें उसे हार मिली थी।
इस मुकाबले में भारतीय टीम के लिए 4 खिलाड़ियों ने टेस्ट डेब्यू किया। यह चारों प्लेयर हेमू अधिकारी, गोगुमल किशनचंद, खंडू रांगणेकर और जेनी ईरानी हैं। आज हम आजादी के बाद खेले गए इसी पहले टेस्ट मैच और डेब्यू करने वाले चारों खिलाड़ियों के बारे में बात करेंगे।
आजादी के 3 महीने बाद खेला पहला मैच
पाकिस्तान से अलग होने और 15 अगस्त 1947 को आजादी मिलने के बाद भारतीय क्रिकेट ने अपनी पहली सीरीज ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेली। आजादी के ठीक 3 महीने बाद 5 टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला 28 नवंबर से ब्रिस्बेन में खेला गया।
सर डॉन ब्रैडमैन की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। मेजबान टीम ने पहली पारी 8 विकेट पर 382 रन बनाकर घोषित कर दी। ब्रैडमैन ने 185 रन बनाए। भारत के लिए लाला अमरनाथ ने 4 और वीनू मांकड़ ने 3 विकेट लिए।

पारी और 226 रन से हारी भारतीय टीम
अमरनाथ की कप्तानी वाली भारतीय टीम पहली पारी में 58 रन बनाकर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने उसे फॉलोऑन खिलाया। दूसरी पारी में भी टीम इंडिया 98 के स्कोर पर सिमट गई। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने यह टेस्ट पारी और 226 रन से जीत लिया था।
ऑस्ट्रेलिया के लिए इस टेस्ट में लेफ्ट आर्म पेसर एर्नी टोशैक (Ernie Toshack) ने तूफानी गेंदबाजी की थी। उन्होंने पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों को पूरी तरह ढेर कर दिया था।
डेब्यू करने वाले चारों खिलाड़ी रहे फ्लॉप
इस टेस्ट में भारतीय टीम के लिए 4 खिलाड़ियों हेमू अधिकारी, गोगुमल किशनचंद, खंडू रांगणेकर और जेनी ईरानी ने डेब्यू किया था। बल्लेबाज हेमू ने पहली पारी में 8 और दूसरी पारी में 13 रन बनाए थे।
गोगुमल और खंडू भी अपनी छाप नहीं छोड़ सके थे। दोनों ने पहली पारी में 1 रन बनाया। जबकि दूसरी पारी में दोनों ही खाता नहीं खोल सके थे। विकेटकीपर जेनी का हाल भी ऐसा ही रहा। वे पहली पारी में जीरो पर आउट हुए। दूसरी पारी में 2 रन बनाकर नाबाद रहे।

अमर सिंह टेस्ट डेब्यू करने वाले पहले भारतीय
भारतीय टीम ने पहला टेस्ट 25 जून 1932 को खेला था। इसी दौरान एक साथ 11 खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। तब तेज गेंदबाज अमर सिंह आधिकारिक तौर पर डेब्यू करने वाले पहले भारतीय बने।
टेस्ट डेब्यू करने वाले 100वें भारतीय बालू गुप्ते और 200वें प्लेयर नयन मोंगिया हैं। 300वें डेब्यूटंट बनने का गौरव तेज गेंदबाज टी नटराजन को मिला। डेब्यू करने वाले आखिरी प्लेयर तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज (318) रहे। उन्होंने 23 जुलाई 2025 को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट से डेब्यू किया।

