फील्डिंग कोच ने कल ऑफिस बुलाया है: टीम इंडिया के 4 कैच छोड़ने पर सूर्या का मजाकिया जवाब, कहा- हम जानते हैं कि इनका क्या असर हो सकता था
Published:
3 min read

एशिया कप 2025 में रविवार 21 सितंबर को भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में रविवार 21 सितंबर को भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत में हमारी बैटिंग लाइनअप का रोल सबसे ज्यादा अहम रहा। जीत के बावजूद टीम इंडिया की फील्डिंग पर सवाल उठ रहे हैं। इस मैच में भारतीय टीम ने 4 कैच छोड़े। अगर ये न छोड़े गए होते तो किसी भी सूरत में पाकिस्तान 130 से ज्यादा स्कोर नहीं कर सकता था।
मैच के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खराब कैचिंग पर मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा- बिल्कुल सही बात है कि हमने चार कैच छोड़े और इसी वजह से फील्डिंग कोच ने हमारी खिंचाई के लिए कल ऑफिस बुलाया है।
हाईएस्ट स्कोरर के 2 कैच ड्रॉप
पाकिस्तान की तरफ से ओपनर साहिबजादा फरहान ने हाफ सेंचुरी लगाई और वो टीम के हाईएस्ट स्कोरर रहे। खास बात यह है कि फरहान के 2 कैच हमारे फील्डर्स ने ड्रॉप किए। इसके अलावा साइम अयूब और फहीम अशरफ के कैच भी टीम इंडिया ने छोड़े। इसके चलते पाकिस्तान की टीम 171 का स्कोर बनाने में कामयाब रही।

सूर्या का जवाब
पोस्ट मैच कॉन्फ्रेंस में सूर्या से इस खराब कैचिंग के बारे में सवाल हुआ। जवाब में उन्होंने मुस्कराते हुए कहा- अच्छा भी पूछ लो यार...हां ये बिल्कुल ठीक है कि हमने चार कैच छोड़े। मुझे पता लगा है कि फील्डिंग कोच टी. दिलीप पहले ही टीम को ईमेल भेज चुके हैं। इसमें उन्होंने हमें कल अपने ऑफिस बुलाया है। इसमें उन प्लेयर्स से सवाल किए जाएंगे जिनकी हथेलियों से बॉल फिसल रही है।
बाद में गंभीर अंदाज में टीम इंडिया के कप्तान ने कहा- ये गेम का हिस्सा है। ये भी अच्छा है कि ये सुपर 4 के पहले मैच में हुआ। आगे से इस बारे में ध्यान रखा जाएगा, क्योंकि अब बड़े मैच आने वाले हैं।

किसने छोड़े थे कैच
मैच के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा ने फरहान का कैच थर्ड मैन पर ड्रॉप किया। इसके बाद पांचवें ओवर में साइम अयूब का कैच कुलदीप यादव ने गिरा दिया। इसके बाद जब आठवां ओवर चल रहा था तब वरुण चक्रवर्ती की बॉल पर अभिषेक ने फिर फरहान का कैच छोड़ा। आखिरी मौका पाकिस्तान की इनिंग के आखिरी यानी 20वें ओवर में आया। तब जसप्रीत बुमराह की बॉल पर शुभमन गिल ने फहीम अशरफ का कैच छोड़ दिया। अभिषेक ने दो कैच छोड़े, लेकिन बल्ले से इस नुकसान की भरपाई कर दी।

