भारतीय टीम ने दिए 500 रन: 10 साल में पहली बार विदेश में ऐसा हुआ; बुमराह इंग्लैंड में 50 टेस्ट विकेट लेने वाले तीसरे एशियाई गेंदबाज
Published: Updated:
3 min read

मैनचेस्टर टेस्ट में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने पहली पारी में 358 रन बनाए। साई सुदर्शन ने 61, यशस्वी जायसवाल ने 58 और ऋषभ पंत ने 54 रन बनाए। (BCCI)
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दोनों ने कुछ बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं। बुमराह इंग्लैंड की जमीन पर 50 टेस्ट विकेट लेने वाले तीसरे एशियाई गेंदबाज बन गए हैं।
इससे पहले यह उपलब्धि पाकिस्तान के वसीम अकरम और भारतीय पेसर ईशांत शर्मा ने हासिल की। अकरम ने 53 और ईशांत ने 51 विकेट लिए। अब बुमराह तीसरे एशियाई गेंदबाज बने हैं।
विदेशी जमीन पर टीम इंडिया ने दिए 500 रन
जबकि टीम इंडिया ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उसने 10 साल में पहली बार विदेशी जमीन पर हुए टेस्ट की एक पारी में 500 रन दिए हैं।
इससे पहले जनवरी 2015 में ऐसा हुआ था। तब सिडनी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट पर 572 रन बनाकर पहली पारी घोषित की थी। यह मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ था।
हालांकि सिडनी टेस्ट के बाद भी भारतीय टीम ने 3 बार एक पारी में 500 से ज्यादा रन दिए हैं। यह सभी मैच इंग्लैंड के खिलाफ रहे। दो बार स्कोर भारतीय मैदान पर बने। राजकोट 2016 टेस्ट में 537 और चेन्नई 2021 टेस्ट में 578 रन बने थे। तीसरा स्कोर इस बार मैनचेस्टर में बना है।
Stumps on Day 3 in Manchester 🏟️
— BCCI (@BCCI) July 25, 2025
3⃣ wickets in the final session for #TeamIndia 👌👌
England 544/7 in the 1st innings, lead by 186 runs.
Scorecard ▶️ https://t.co/L1EVgGu4SI#ENGvIND pic.twitter.com/Q6rQDxioLO
इंग्लैंड को पहली पारी में मिली बढ़त
मैनचेस्टर टेस्ट में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने पहली पारी में 358 रन बनाए। साई सुदर्शन ने 61, यशस्वी जायसवाल ने 58 और ऋषभ पंत ने 54 रन बनाए। बेन स्टोक्स ने 5 विकेट लिए।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 7 विकेट गंवाकर 544 रन बना लिए। जो रूट ने 150 रन की पारी खेली। इस तरह मेजबान टीम ने फिलहाल 186 रन की बढ़त हासिल कर ली है।
चौथे टेस्ट में इंडिया-इंग्लैंड की प्लेइंग-11
भारतीय टीम: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, अंशुल कम्बोज, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ऑली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), लियाम डॉसन, क्रिस वॉक्स, ब्रायडन कार्स और जोफ्रा आर्चर।

