आखिरी टेस्ट में बुमराह के खेलने पर सस्पेंस: कोच गंभीर ने कहा- सभी तेज गेंदबाज फिट, बुमराह का मामला थोड़ा अलग है
Published:
3 min read

इंग्लैंड के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज की 5 पारियों में जसप्रीत बुमराह ने 14 विकेट लिए हैं। वे दूसरे टॉप विकेट टेकर हैं।
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। 4 मैच के बाद इंग्लिश टीम 2-1 से आगे है। आखिरी यानी पांचवां टेस्ट 31 जुलाई से द ओवल में खेला जाएगा। इस मैच में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है।
टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर ने मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ होने के बाद कहा कि ओवल टेस्ट के लिए सभी तेज गेंदबाज फिट हैं। मगर बुमराह का मामला थोड़ा अलग है। वे वर्कलोड मैनेज के चलते कम ही टेस्ट खेल रहे हैं।
टीम में चोट को लेकर कोई टेंशन नहीं है
इस सीरीज से पहले टीम मैनेजमेंट ने कहा था कि बुमराह 5 में से सिर्फ 3 ही टेस्ट खेलेंगे। उन्होंने तीन खेल भी लिए हैं। बुमराह दूसरा टेस्ट नहीं खेले थे। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि बुमराह आखिरी टेस्ट से भी बाहर हो सकते हैं। हालांकि सीरीज बराबर करने के लिए यह मुकाबला बेहद जरूरी है।
सीरीज के चौथे यानी मैनचेस्टर टेस्ट में बुमराह की स्पीड भी थोड़ी कम देखी गई थी। हालांकि मैच के चौथे दिन लंच से पहले उन्हें आराम मिल गया था। दूसरी ओर इस मैच से पहले पेसर अर्शदीप सिंह, आकाश दीप भी चोटिल हुए थे। हालांकि वे आखिरी टेस्ट खेल सकते हैं।
नीतीश रेड्डी और ऋषभ पंत चोट के कारण सीरीज से ही बाहर हो गए हैं। मोहम्मद सिराज भी थके हुए नजर आए। तेज गेंदबाजों की चोट को लेकर गंभीर ने कहा- “सभी फास्ट बॉलर्स फिट हैं। टीम में चोट को लेकर कोई टेंशन नहीं है। इसमें बुमराह भी शामिल हैं, लेकिन उनका मामला थोड़ा अलग है। ”
बुमराह को लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया
उन्होंने कहा- “वे चोट के कारण नहीं बल्कि वर्कलोड मैनेज के चलते सिर्फ तीन टेस्ट खेल खेल रहे हैं। ताकी पुराने स्ट्रेस रिएक्शन से बचा जा सके। इसी कारण उन्हें करीब 5 महीने टीम से बाहर रहना पड़ा था।” क्या बुमराह आखिरी टेस्ट खेलेंगे?
इसके जवाब में गंभीर ने कहा- “हमने अभी आखिरी टेस्ट के लिए कॉम्बिनेशन (प्लेइंग-11) पर कोई बात नहीं की है। बुमराह खेलेंगे या नहीं, इसको लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। जो भी मैच खेलेगा, वो देश के लिए बेस्ट देने की कोशिश करेगा।”
उन्होंने कहा कि हमारी यह टीम अनुभवहीन है, लेकिन मौजूदा समय में बेस्ट भारतीय टीम है। गंभीर बोले- “उम्मीद है कि हम यह सीरीज 2-2 से बराबर कर पाएंगे। यह बड़ी उपलब्धि होगी।” कोच ने कहा- “मुझे यकीन है कि ओवल टेस्ट में हम कॉन्फिडेंस से भरपूर होंगे। मगर किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले सकते।”

